नाबालिगा से रेप कर आग लगाकर जलाने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

12/13/2019 12:36:43 PM

गुडग़ांव(ब्यूरो): साइबर सिटी में एक युवक द्वारा नाबालिगा से दुष्कर्म करने व आग लगाकर जिंदा जलाने के प्रयास  का मामला प्रकाश में आया है। गनीमत रही कि लड़की बच गई लेकिन उसे चोटें आई हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी एक महिला ने सैक्टर-51 महिला थाना में शिकायत देकर बताया कि इसकी 3 बेटियां हैं।

बीच वाली 17 वर्षीय बेटी को पड़ोस में ही रहने वाला एक लड़का करीब एक महीने पहले शादी के लिए बहला कर भगा ले गया और उसे शहर स्थित एक कमरे में रखा। वहां उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब उसकी लड़की ने इसका विरोध किया तो उसे जलाने की कोशिश की। गत 5 दिसम्बर को लड़के का एक रिश्तेदार उस कमरे पर लेकर गए जहां वो लोग रह रहे थे। इस दौरान लड़की ने आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता अपनी मां को लेकर महिला थाने पहुंची और शिकायत दी।

शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अपराध शाखा सैक्टर-31 को लगाया। अपराध शाखा की टीम ने मसादुल उर्फ बसादुल को बुधवार को पश्चिम बंगाल से काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

Isha