Faridabad: चलती ट्रेन में नाबालिग से हुआ था दुष्कर्म, ऐसे हुआ खुलासा

1/3/2024 10:59:24 AM

फरीदाबाद : फरीदाबाद की रहने वाली 13 साल की बच्ची से चलती ट्रेन में रेप का मामला सामने आया है। यह वारदात गोमती एक्सप्रैस में हुई। इसका पता तब चला जब नाबालिग ने एक बच्चे को जन्म दिया। पूरे मामले का खुलासा होने के बावजूद लखनऊ जी.आर.पी. ने कार्रवाई के बजाय फरीदाबाद पुलिस को केस वापस भेज दिया। अब करीब डेढ़ साल बाद 29 दिसम्बर को फरीदाबाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं नाबालिग के बच्चे को फिलहाल पंचकूला के बाल संरक्षण गृह में भेजा गया है।

नाबालिग की मां ने बताया कि घटना साल 2022 की है। बच्ची मां के साथ अमेठी से फरीदाबाद आ रही थी। भीड़ कारण ट्रेन में मां ने बच्ची को सबसे ऊपर वाली सीट पर बैठा दिया। वहां पहले से एक लड़का लेटा हुआ था। जब काफी रात हो गई तो लखनऊ स्टेशन से ट्रेन आगे निकलने के बाद सीट पर लेटे लड़के ने उसकी बेटी का रेप किया। रेप की घटना से बच्ची काफी डर गई। इसके चलते न तो वह उस वक्त चिल्लाई और न ही किसी को इसके बारे में बताया। कुछ महीने बीतने के बाद नाबालिग के पेट में दर्द होने लगा। उन्हें लगा कि सामान्य दर्द है। बच्ची को भी कुछ पता नहीं था तो वह ईनो पी लेती थी जिससे उसे कुछ देर के लिए दर्द से राहत मिल जाती। 10 जून 2023 को बच्ची के माता-पिता गांव गए थे। उसका बड़ा भाई, बहन और चाचा घर पर थे। बच्ची को पेट में तेज दर्द होने लगा। वह तुरंत उसे फरीदाबाद ई.एस.आई. अस्पताल लेकर गए। वहां बाथरुम में अचानक बच्ची ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दे दिया।  बच्चा पैदा होने पर सबके होश उड़ गए। तब बच्ची ने उन्हें अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। परिवार ने तुरंत पुलिस बुलाई।

फरीदाबाद पुलिस ने जीरो एफ.आई.आर. भेजी, लखनऊ जी.आर.पी. ने लौटाई

फरीदाबाद की थाना कोतवाली पुलिस ने 11 जून 2022 को नाबालिग बच्ची के बयान दर्ज किए। उसके आधार पर जीरो एफ.आई.आर. दर्ज कर ली। 12 जून को बाल कल्याण समिति, एन.आई.टी. फरीदाबाद के आगे बच्ची के बयान दर्ज कराए गए। यह केस उत्तर प्रदेश के लखनऊ जी.आर.पी. के क्षेत्र का निकला जिसके बाद फरीदाबाद पुलिस ने जीरो एफ.आई.आर. को कार्रवाई के लिए फरीदाबाद भेज दिया। मगर जी.आर.पी. के पुलिस अधीक्षक के लखनऊ ऑफिस जीरो एफ. आई. आर. पर ऐतराज जताते हुए उसे वापस फरीदाबाद कोतवाली लौटा दिया। 28 जुलाई 2023 को पीड़िता को लीगल ऐड और बाल कल्याण समिति एन. आई.टी. फरीदाबाद के सामने दोबारा से पेश किया गया। यहां पूरे हालात की जानकारी मिलने के बाद बच्ची को न्यायिक मैजिस्ट्रेट फरीदाबाद के आगे पेश कर बयान दर्ज कराए गए। फिलहाल बच्ची के मामले में फरीदाबाद की कोतवाली में केस दर्ज किया गया है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana