दुष्कर्म का केस दर्ज कराने वाली नाबालिगा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने शमशानघाट से उठाया शव

6/17/2021 8:35:25 AM

हिसार : जिले के एक गांव की दुष्कर्म का केस दर्ज कराने वाली 17 वर्षीय लड़की की मंगलवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने बुधवार को सुबह सूचना मिलने पर श्मशानघाट में पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। शव का विसरा व हार्ट लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। सदर थाना पुलिस ने फिलहाल इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार एक गांव की नाबालिग लड़की ने पिछले साल सितंबर महीने में गांवों के कुछ युवकों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। तब महिला थाना पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि वह केस खारिज हो चुका है। मामले की शिकायतकत्र्ता लड़की की मंगलवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजन बुधवार को सुबह शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव के श्मशानघाट में ले गए। किसी ने इस बीच पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर मामले की जानकारी दे दी।

कुछ देर बाद पुलिस की एक गाड़ी श्मशानघाट में पहुंच गई। उस समय संस्कार की तैयारी की जा रही थी। पुलिस कर्मियों ने गाड़ी से उतरकर शव कब्जे में ले लिया। मृतका के चाचा ने बताया कि उसकी भतीजी रात को खाना खाकर सोई थी। वह सुबह चारपाई पर मृत मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल की मोर्चरी में करवाया। शव का विसरा व हार्ट जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। सदर थाना पुलिस ने इस बारे में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana