टोहाना में सरकारी स्कूल में शिक्षक की बर्बरता, कक्षा में छात्राओं को बोली आपत्तिजनक बातें; स्टूडेंटस ने SDM से की शिकायत
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 03:51 PM (IST)
टोहाना (सुनील जिंदल) : पीएम श्री राजकीय कन्या स्कूल में दसवीं-ग्यारहवीं की छात्राओं ने केमेस्ट्री शिक्षक अनूप कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने लिखित शिकायत प्रिंसिपल देवेंद्र को सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने जांच कमेटी बनाई। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में शिकायत को सही पाया है। रिपोर्ट अब उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

स्कूल प्रिंसिपल को दी शिकायत में दसवीं की छात्राओं ने बताया कि 11 अगस्त को एसडीएम आकाश शर्मा ने स्कूल का निरीक्षण किया था। उसी दौरान उन्होंने शिक्षक के खिलाफ मौखिक शिकायत की थी। लिखित शिकायत में कहा गया कि शिक्षक छात्राओं को "जानवर" कहकर बुलाते हैं। "चूने की बोरी", "बाल कटवा लो" जैसे शब्द बोलते हैं। कहते हैं "मुझसे दस मीटर दूर रहो, वरना एफआईआर करवा दूंगा।" जाति के नाम पर धमकाते हैं और कहते हैं "तुम आज-कल में मर जाओ, मुझे फर्क नहीं पड़ता।"

ये लगाए है आरोप
कुछ छात्राओं ने धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाया। शिकायत में लिखा है कि शिक्षक कहते हैं "तुम राम की पूजा करती हो, राम कुछ नहीं हैं। जो सीता की रक्षा नहीं कर पाया। तुम क्या राम-राम करती रहती हो।" लड़कियों से कहते हैं "बाल क्यों बढ़ाए हैं, जूं पड़ जाएंगी। तुम तैयार होकर आती हो ताकि पुरुषों को आकर्षित करो। एक से नहीं मिला तो दूसरे को पकड़ लेती हो।"छात्राओं का आरोप है कि वह पढ़ाई नहीं कराते। कहते हैं "मैं तुम्हें जीवन की शिक्षा दूंगा, पढ़ाई मोबाइल से कर लेना।" बेवजह तर्क कर समय बर्बाद करते हैं।
इस बारे में प्रिंसिपल देवेंद्र ने बताया कि 11 अगस्त को एसडीएम के निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने शिकायत की थी। अगले दिन लिखित शिकायत मिली। एसडीएम ने जांच कमेटी गठित की, जिसने रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। स्कूल में करीब 1017 छात्राएं पढ़ती हैं। शिक्षक अनूप से बयान लेने गए तो वह मेडिकल लीव पर मिले।