शरारती तत्वों ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा को किया खंडित

4/8/2020 10:45:23 AM

बराड़ा (निशांत/गेरा) : शाहाबाद-बराड़ा मार्ग पर गांव अधोया में स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक पर लगी प्रतिमा को गतरात्रि कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मंगलवार सुबह जैसे ही राहगीरों ने चौक पर लगी मूर्ति को देखा तो भिन्न-भिन्न समुदाय के लोग मौके पर एकत्रित होने शुरू हो गए। स्थानीय कम्बोज सभा के जिला अम्बाला प्रधान श्याम सिंह, ब्लाक प्रधान सुखदेव सिंह, जसविंद्र सिंह, रणजीत सिंह, हरपाल सिंह, जरनैल सिंह, दविंद्र कम्बोज, सोनू, परमजीत सिंह आदि पदाधिकारी व सदस्य मौके पर पहुंचे।

सूचना के आधार पर थाना बराड़ा प्रभारी विरेंद्र कुमार भी अपने दल-बल सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। जिला प्रधान श्याम सिंह ने बताया कि कुछ शरारती तत्व चौक पर लगी शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा के हाथ में पकड़ी किताब सहित बाई बाजू को काट कर अपने साथ ले गए है, जिससे देश पर अपनी जान न्यौछावर करने वाले शूरवीरों का घोर अपमान हुआ है। 

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा देश के जांबाज वीरों के नक्शेकदम पर चलकर देश की सेवा करने की बजाय वीरों की प्रतिमाओं पर हमला किया जा रहा है। इससे प्रतीत होता है कि हम एसे लोगों के बीच रह रहे है, जिन्हें अपने नैतिक कत्र्तव्यों का भी बोध नहीं है।   

क्या कहते हैं विधायक मुलाना
शहीद ऊधम सिंह की मूर्ति खंडित किए जाने पर दुख प्रकट करते हुए विधायक वरुण चौधरी ने कहा कि जांबाज वीरों के नक्शेकदम पर चलने की बजाय वीरों की प्रतिमाओं पर हमला किया जाना घोर निंदनीय कार्य है।
 

Edited By

Manisha rana