बेखौफ हुए बदमाश, बस स्टैंड के पास व्यक्ति को गोली मार छीनी कार, मौत

12/28/2020 9:19:42 AM

यमुनानगर : बदमाशों ने रविवार देर शाम जगाधरी बस स्टैंड पर कार सवार अजीजपुर गांव के सुमित को गोली मार दी। बदमाश गोली मार कर उनकी कार लेकर फरार हो गए। एस.पी. कमलदीप गोयल, सीआई. इंचार्ज राकेश मटोरिया जांच करने पहुंचे। गंभीर रूप से घायल सुमित को देर रात पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया जहां इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अजीजपुर गांव निवासी सुमित रविवार को अलीपुरा गांव स्थित अपनी ससुराल में पत्नी को छोड़ कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी ने उनसे लिफ्ट ली। वह लिफ्ट लेने वाले व्यक्ति को छोडऩे बस स्टैंड की तरफ  जा रहे थे। बस स्टैंड से पहले ही उन्होंने कार रोक ली। तभी किसी ने सुमित को गोली मार दी, गोली उनकी दाईं लात में लगी। बदमाशों ने उनको कार से नीचे उतारा और कार लेकर फरार हो गए। मौके पर उसे सिविल अस्पताल जगाधरी ले जाया गया। पुलिस आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों को खंगाल रही है। कुछ ही देर में एस.पी. कमलदीप गोयल के अलावा सी.आइ.ए. इंचार्ज मौके पर पहुंचे। एस.पी. कमलदीप गोयल ने बताया कि उन्होंने खुद भी मौके का मुआयना किया था। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही गोली चलाने वाले गिरफ्त में होंगे।

Manisha rana