बिल्डर की कार पर बदमाशों ने की फायरिंग, ड्राइवर को छू कर निकली गोली

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 11:07 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): हीरो होंडा चौक से गुजर रही बिल्डर की गाड़ी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोलियां चला दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 16 राउंड फायरिंग की जिसमें से एक गोली ड्राइवर को छूते हुए निकल गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना प्रभारी सहित अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की मानें तो मामले में तीन आरोपियों की पहचान हो गई है जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम भाऊ गैंग की तरफ से दिया गया। एक बाइक पर सवार होकर आए तीन लोगों ने बिल्डर की कार पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि जिस वक्त् वारदात को अंजाम दिया गया उस वक्त गाड़ी में बिल्डर मौजूद नहीं था। यह गाड़ी बीपीटीपी बिल्डर की बताई जा रही है। पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि साल 2024 में बिल्डर को भाऊ गैंग की तरफ से धमकी दी गई थी। ऐसे में भाऊ गैंग द्वारा वारदात को अंजाम देने की आशंका है। हालांकि पुलिस अभी इसमें किसी भी गैंग का नाम खुलकर नहीं ले रही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पास ही मौजूद शोरूम व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप के मुताबिक, मामले की प्रारंभिक तौर की जांच में आरोपियों की पहचान झज्जर के रहने वाले अतुल, दीपक व नीरज के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static