सिर्फ इस वजह से बदमाशों ने व्यक्ति को अधमरा कर अस्पताल के सामने फेंका, मौत

10/7/2018 8:15:39 PM

यमुनानगर(सुमित): हरियाणा के यमुनानगर में एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को दुकान से बाहर बुलाकर पहले जमकर पिटाई की। पिटाई से जब 42 वर्षीय व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया तो उसे अस्पताल गेट के सामने फेंककर फरार हो गए। आरोपियों की यह हरकत एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। वहीं घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।



जानकारी के मुताबिक, यमुनानगर में कांसापुर के 42 वर्षीय बलदेव नाम के व्यक्ति को मुखबिरी करना इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। मृतक बलदेव विशाल बक्शी नाम के व्यक्ति के पास उसकी दुकान पर दो महीने से नौकरी करता था। बलदेव ने किसी मामले को लेकर एक मुखबिरी की थी। जिसके बाद कल रात उसे ईशु और पंकज नाम के दो युवकों ने उसकी दुकान से बाहर बुलाया और उसके साथ मारपीट की। पिटाई के बाद आरोपी यीशु और पंकज उसे अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर भाग गए। वहीं इलाज के दौरान बलदेव ने दम तोड़ दिया। 

पुलिस को जब इस घटना की सूचना मिली तो पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वही बताया जा रहा है कि, बलदेव को मारने वाले आरोपी अवैध शराब का कारोबार करते हैं। बलदेव ने उन्ही की मुखबिरी की थी जिसके बाद आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस जांच जारी है, जांच के बाद मामला साफ हो पाएगा।

Shivam