पलवल में 4.39 लाख से भरी ATM मशीन उखाड़ ले गए बदमाश, कार में आए थे 5 लुटेरे; चंद मिनटों में वारदात को अंजाम दे फरार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 06:14 PM (IST)

पलवल (दिनेश कुमार) : पलवल जिले के औरंगाबाद गांव में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ से लुटेरे 4 लाख 39 हजार रुपए से भरी मशीन उखाड़कर ले गए। यह घटना बीती देर रात हुई। मुंडकटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीएनबी बैंक के शाखा प्रबंधक पल्लव राज लोचन ने पुलिस को बताया कि उन्हें एटीएम बूथ में तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। जब बैंक स्टाफ मौके पर पहुंचा, तो एटीएम मशीन गायब मिली। शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सामने आया कि रात करीब 2 बजे एक टाटा कार में सवार पांच अज्ञात लुटेरे एटीएम बूथ पर पहुंचे। उन्होंने पहले एटीएम के शटर के ताले तोड़े और फिर मशीन को उखाड़कर गाड़ी में डाल लिया। लुटेरे कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। 

वारदात की सूचना मिलते ही मुंडकटी थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटे हुए ताले कब्जे में लिए और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए बैंक के एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static