मिशन 2019 के लिए BJP ने तैयार किया रोडमैप, बैठक में कई अहम मुद्दों पर प्रस्ताव पारित

7/9/2018 11:43:20 AM

फरीदाबाद (महावीर गोयल): भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सैक्टर-12 कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुई। इस बैठक में 4 सत्र आयोजित हुए। बैठक में अनेक प्रस्तावों पर मुहर भी लगाई गई। चारों सत्रों में कार्यसमिति के सदस्यों को मिशन 2019 के लिए तैयार किया गया। इतना ही नहीं बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए पार्टी नेताओं की जिलावार जिम्मेवारी भी तय की। इस दौरान हरियाणा सरकार व केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जहां बखान हुआ वहीं सरकार व पार्टी से असंतुष्ट कार्यकर्ताअों को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने भाषण से ही कार्यकर्त्ताअों की नाराजगी पर मरहम लगाने का प्रयास किया। नेताओं द्वारा दावा किया गया कि हरियाणा में भाजपा सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और विधानसभा में 65 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। 

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में कार्यकारिणी के सदस्यों को तैयार किया गया कि किस प्रकार प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करना है। केंद्र सरकार की जन-धन योजना, आधार कार्ड, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्जवला, आयुष्मान भारत के साथ-साथ किसानों की फसलों के न्यूनतम मूल्यों में वृद्धि के मामले को आम जनता तक पहुंचाकर भाजपा को मजबूत कैसे किया जाए, इसकी रणनीति भी भाजपा नेताओं को बताई गई। कार्यसमिति की बैठक को जहां प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने संबोधित किया वहीं मुख्यमंत्री मनोहरलाल तथा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डा. अनिल जैन ने भी संबोधित किया। इसके अलावा मुख्य तौर पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामजीलाल ने भी कार्यकत्र्ताओं को मिशन 2019 की जीत का मूल मंत्र दिया। हालांकि नेताओं में उनकी उपेक्षा के कारण निराशा बनी हुई थी परंतु इसके बावजूद वक्ताओं ने नेताओं की निराशा को दूर करने की भरपूर कोशिश की।

अमित शाह को पेश की जाएगी रिपोर्ट
भाजपा कोर कमेटी व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जो निर्णय लिए गए हैं और 2019 के लिए जो रणनीति तैयार की गई है, उसकी रिपोर्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भेजी जाएगी। इतना ही नहीं मिशन 2019 के लिए जिन नेताओं व कार्यकर्त्ताओं की जिम्मेवारियां तय की गई हैं, उन पर कितना कार्य हो रहा है, इसकी नियमित रिपोर्ट भी लगातार केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। भाजपा हरियाणा में कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है। इसलिए लोकसभा के साथ-साथ भाजपा हरियाणा विधानसभा की तैयारी भी कर रही है।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ!
लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे या नहीं इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी। भाजपा कार्यसमिति की बैठक में जिस प्रकार भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों ने भाजपा नेताओं को फील्ड में जाकर इस मामले पर गोलमोल जबाब देे की बात कही है,  उससे स्पष्ट है कि भाजपा लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ कराने का मन बना रही है। बैठक में बड़े नेताओं ने इस बात से इंकार नहीं किया कि विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ होंगे। दबी जुबान में जहां एक तरफ सभी को यह इशारा कर दिया गया है कि चुनाव एक साथ भी हो सकते हैं वहीं सीधे तौर पर यह नहीं कहा गया है। 

हरियाणा में मुख्यमंत्री सरकार
भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामजीलाल ने आज भाजपा नेताओं का मन जीत लिया। रामजीलाल ने अपने भाषण में अनेक बार कार्यकर्त्ताओं, भाजपा नेताओं, विधायकों व मंत्रियों की पीड़ा का बखान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अनेक नेता व विधायक उनके पास आते हैं। इतना ही नहीं कई मंत्री भी शिकायत लेकर आते हैं कि हरियाणा में तो मुख्यमंत्री सरकार है। यहां मंत्रियों की भी सुनवाई नहीं होती। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अनेक विधायक संगठन के साथ तालमेल नहीं बना पा रहे हैं। यह परिस्थितियां नई नहीं हैं। अन्य प्रदेशों में भी इस प्रकार की चीजें होती रहती हैं। यदि पुन: सत्ता में आना है तो छोटी-मोटी चीजों को दरकिनार कर मिशन 2019 पर ध्यान केंद्रित करना होगा। 

कार्यसमिति बैठक की झलकियां
* बैठक में पहुंचने से पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व ओमप्रकाश धनखड़ ने मीडिया के सामने किसानों के न्यूनतम मूल्य बढ़ाए जाने पर डांस किया। 
* जाट नेता व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह मेरिट पर नौकरियां देने के मामले में हरियाणा भाजपा सरकार से अलग नजर आए। 
* स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दुष्यंत चौटाला के केस के संदर्भ में टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले वे अपने परिवार में वर्चस्व की लड़ाई तो लड़ लें। 
* लोकसभा सांसद धर्मवीर ने कहा कि कार्यकत्र्ता नाराज हैं तो उन्हें गुस्सा दिखाना चाहिए, तभी सुनवाई होगी। 
* सांसद धर्मवीर ने पुन: दोहराया कि वे लोकसभा का नहीं विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।
* केंद्रीय मंंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार विकास में पीछे नहीं है।
* सांसद राजकुमार सैनी पर पूछे गए सवाल में डा. अनिल जैन ने कहा कि सैनी कैसे हैं और क्या कर रहे हैं, यह सब को पता है। उनके गाल बजाने से कुछ नहीं होगा। 
* मुख्यमंत्री द्वारा मीडिया के सवालों पर गर्म होने के बाद आज डा. अनिल जैन भी एक पत्रकार के सवाल पर काफी गर्म हो गए। बाद में मामला शांत किया गया। 
* एमएसपी पर स्वामीनाथन आयोग के सवाल पर डा. अनिल जैन ने कहा कि हमने मोदी आयोग लागू कर दिया है।  
 

Nisha Bhardwaj