हिंदू राष्ट्र बनाने वाले बयान पर विधायक असीम गोयल के बदले बोल

5/5/2022 9:06:23 PM

 अंबाला(अमन): भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ दिलवाने वाले भाजपा नेता असीम गोयल ने अब इसे लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान और हिंदू राष्ट्र का मतलब है कि सर्व धर्म समान है। मैंने कभी भी किसी धर्म, मज़हब या संप्रदाय के खिलाफ नहीं बोला है और ना ही किसी को देश छोड़कर जाने की बात कही है।

रविवार को दिए भाषण पर बदले विधायक के बोल

दरअसल हरियाणा के अंबाला शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह मंच से सैकड़ों लोगों के साथ भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ लेते दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामलें में विवाद खड़ा हो गया और शहर की कई संस्थाओं ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। कल सिख समाज ने भी एक बैठक कर विधायक द्वारा ली गई इस शपथ को देश व संविधान के खिलाफ बताया। यही नहीं उन्होंने अंबाला पुलिस से विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद आज विधायक असीम गोयल ने इस मामलें में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदुस्तान और हिंदू राष्ट्र का मतलब है कि यहां सर्व धर्म समान हैं। मैनें किसी भी धर्म, मज़हब या संप्रदाय के खिलाफ नहीं बोला है और ना ही किसी को देश से बाहर भेजने की बात कही है।

कवि इकबाल की कविता का किया ज़िक्र 

असीम गोयल ने कहा कि इस्लामिक देशों में भी तो बड़ी संख्या में हिंदू व क्रिश्चन रहते हैं। इसके बावजूद उन्हें इस्लामिक राष्ट्र ही बोला जाता है। हमारे पूर्वज कवि इकबाल ने खुद अपनी कविता में कहा था कि हिंदी है हम, वतन है हिन्दुस्तान हमारा।

 कांग्रेस को हासिए पर ले गए हुड्डा- असीम गोयल

कल हाइकोर्ट द्वारा पंचायती चुनावों से स्टे हटाने पर विधायक ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा मेहनत करने में विश्वास रखता है। प्रदेश में पंचायती और निकाय चुनाव करवाने के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है। इसी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा  द्वारा हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की बनने का दावा करने पर गोयल ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने दबाव की राजनीति करते हुए कांग्रेस को हाशिए पर ला दिया है। अब हरियाणा में एक गुट की हुड्डा कांग्रेस का उदय हुआ है। अब हुड्डा साहब को तो चुनाव होने तक गीत गाने ही पड़ेंगे। लेकिन जनता सब जानती है कि किस सरकार ने प्रदेशवासियों के हितों के साथ खिलवाड़ किया है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 

 

Content Writer

Vivek Rai