संदीप सिंह छेड़छाड़ प्रकरण में जवाब देने से बचे निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान, बोले- जांच जारी है

1/6/2023 7:20:15 PM

चरखी दादरी(पुनीत): दादरी से निर्दलीय विधायक व सांगवान खाप के प्रधान सोमबीर सांगवान मंत्री संदीप सिंह छेड़छाड़ प्रकरण पर पूछे गए सवाल से बचते नजर आए। मीडिया के सवाल के जवाब में विधायक सांगवान ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मामले की  जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद सच सामने आ जाएगा। हालांकि इस बीच उन्होंने कहा कि जुल्म के खिलाफ हमेशा खापें एकजुट होती रही हैं। जांच के बाद यदि मंत्री संदीप सिंह दोषी पाए जाते हैं, तो सांगवान खाप के साथ अन्य खापें भी एकजुट होंगी।

 

मंत्री के दोषी पाए जाने पर खाप की एकजुटता की कही बात

 

दरअसल विधायक दादरी के लघु सचिवालय में मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां सीएम मनोहर लाल ने कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम ने दादरी जिला को दंगल गर्ल गीता-बबीता के गांव बलाली में 17 करोड़ का वातानुकूलित खेल स्टेडियम व गांव बडराई में पशु अस्पताल का उद्घाटन किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान मीडिया के समक्ष विधायक सांगवान मंत्री संदीप सिंह व महिला कोच प्रकरण को लेकर सरकार के पक्ष में दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि सरकार व पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोष सिद्ध होता है तो सांगवन खाप के अलावा अन्य खापें भी एकजुट होंगी और जुल्म के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगी। कार्यक्रम में विधायक के साथ डीसी प्रीति सहित आला अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

विधायक बोले- गुरुग्राम की तर्ज पर दादरी का भी होगा विकास

 

प्रदेश को मिली विकास परियोजनाओं को लेकर विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि दादरी का भी गुरुग्राम की तर्ज पर विकास होगा। इसके लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर लागू करने के लिए योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दादरी के साथ मुख्यमंत्री का विशेष प्रेम है। यही कारण है कि यहां करोड़ों की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इसी के साथ विधायक ने अधिकारियों को दो टूक जवाब दिया कि भ्रष्टाचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। किसी अधिकारी का नाम भ्रष्टाचार में आया तो वह तुरंत जेल की सलाखों के पीछे होगा।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)      

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan