हरविंद्र कल्याण के साथ करनाल के समग्र विकास पर विधायकों का मंथन, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 09:15 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में करनाल जिले के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और करनाल के सर्वांगीण विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर व्यापक और सकारात्मक विचार-विमर्श किया।
बैठक में करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी तथा असंध के विधायक योगिंद्र राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने जिले में विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं को गति देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर अपने सुझाव रखे।
बैठक में आधुनिक आधारभूत संरचना के विस्तार, बेहतर सड़क एवं यातायात व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसुविधाओं को और अधिक सशक्त बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
विधायकों ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और प्रभावी योजना निर्माण के माध्यम से करनाल को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर भी सहमति व्यक्त की।
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में करनाल को विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य करनाल को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अग्रणी जिलों में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि जिले के चहुंमुखी विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधि पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए करनाल को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर जिला बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जगमोहन आनंद ने कहा कि "विकसित करनाल, विकसित हरियाणा और विकसित भारत" का संकल्प केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनसेवा और विकास का लक्ष्य है। इसे साकार करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं, ताकि करनाल विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)