मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए विधायक-मंत्री करेंगे 150 किलोमीटर की पदयात्रा

9/25/2018 10:16:49 AM

करनाल(पांडेय): प्रदेश सरकार के 4 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक नवम्बर को हरियाणा दिवस पर करनाल में होने जा रही भाजपा की रैली में पी.एम. नरेंद्र मोदी का आगमन लगभग फाइनल हो चुका है, इसलिए पार्टी अब इस रैली को भव्य बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहती। भाजपा नेताओं का दावा है कि यह हरियाणा की अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। 

रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी सिर्फ संगठन के पदाधिकारियों के भरोसे नहीं रहना चाहती, बल्कि पार्टी के बड़े नेता से लेकर छोटे कार्यकर्ता तक की जिम्मेदारी तय की जा रही है। सबसे बड़ी जिम्मेदारी पार्टी के विधायक व मंत्रियों को मिली है। संगठन की तरफ से विधायक और मंत्रियों को निर्देश मिले हैं कि वे 2 अक्तूबर से अपने-अपने विधानसभा में पदयात्रा शुरू करें। यहां तक की सी.एम. मनोहर लाल खुद अपने विधानसभा करनाल में पदयात्रा करेंगे। 

सभी को 10 से 20 दिन के अंदर 150 किलोमीटर की पदयात्रा करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में शनिवार को करनाल में सी.एम. मनोहर लाल खट्टर के साथ पार्टी कोर कमेटी की बैठक हुई। जिसमें पदयात्रा का रूट प्लान तैयार करने के साथ जनता तक पार्टी की नीतियां व योजनाएं पहुंचाने पर चर्चा की गई। पार्टी की यह पदयात्रा सिर्फ उनके विधायकों व मंत्रियों के हलके तक ही नहीं सीमित रहेगी। यह यात्रा उन हलकों में भी निकाली जाएगी, जहां पर विपक्ष के विधायक काबिज हैं। 

Rakhi Yadav