अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम पर पथराव, दो घायल
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 10:59 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम मानेसर को उस वक्त अपनी जान बचानी भारी पड़ गई जब अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रेहड़ी-पटरी वालों ने टीम पर पथराव कर दिया। टीम गांव अलियर और बांसकूसला स्थित शंकर की ढाणी पर अतिक्रमण हटाने गई थी। यहां अवैध रूप से मार्केट बनी हुई थी। इस पथराव में न केवल नगर निगम के वाहन क्षतिग्रस्त हुए बल्कि निगम के दो कर्मचारी भी घायल हो गए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के अनुसार, शंकर की ढाणी के पास मुख्य सड़क पर लंबे समय से अवैध मार्केट और रेहड़ियों का कब्जा था, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। शाम करीब 5 बजे नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ विकास शर्मा के नेतृत्व में जेई देविंदर और मंदीप समेत पूरी टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लगभग 80 फीसदी अवैध अतिक्रमण को शांतिपूर्ण तरीके से हटा दिया था। लेकिन जैसे ही दस्ते ने सड़क किनारे लगी बची हुई रेहड़ियों को जब्त करना और हटाना शुरू किया तो वहां मौजूद कुछ रेहड़ी संचालक उग्र हो गए। देखते ही देखते उन्होंने नगर निगम की टीम को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पथराव की इस घटना में नगर निगम के दो कर्मचारियों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने टीम के वाहनों पर भी बड़े-बड़े पत्थर बरसाए, जिससे अधिकारियों की गाड़ियों के शीशे टूट गए। कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार और मेडिकल लीगल रिपोर्ट कटवाने के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद अधिकारियों ने आईएमटी मानेसर सेक्टर-7 थाने में हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।