मोदी ने दीनबंधु छोटूराम की तर्ज पर बनाए कानून : धनखड़

10/11/2020 8:26:05 AM

रोहतक/झज्जर (दीपक) : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने डीघल में उपस्थित हजारों किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि दीनबंधु छोटूराम की तर्ज पर किसानों को आर्थिक आजादी देने के लिए पी.एम. मोदी ने किसान हितैषी कानून बनाए हैं। आज डीघल-सांपला ट्रैक्टर रैली में हजारों किसानों की हाजिरी स्पष्ट कर रही है कि कानून किसानों के हित में हैं। कानून किसानों की आर्थिक आजादी के लिए बनाए गए हैं,कानून किसानों की आय को दोगुना करने के लिए हैं, कानून किसानों की फसल के अच्छे दाम देने के लिए हैं। कांग्रेस हताशा और परेशानी में झूठ की राजनीति कर रही है। किसान अपना भला समझता है इसलिए प्रदेश भर में आयोजित हो रही भाजपा की ट्रैक्टर रैली में किसान भाई बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। 

धनखड़ ने कहा कांग्रेस का झूठ नहीं बिकेगा, एम.एस.पी. पर फसल बिकेगी, मंडी ज्यों की त्यों रहेगी। भाजपा का कार्यकर्ता और किसान भाई मिलकर यह संकल्प ले चुके हैं कि किसान हितैषी कानूनों की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाई जाएगी। धनखड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के समय में खरीफ की फसल की खरीद उचित मूल्य पर हो रही है। रबी की फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित कर दिया है।  

अब किसान की जमीन कोई नहीं कब्जा सकता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि दीनबंधु छोटूराम ने किसानों को आजादी देने का काम किया था। पी.एम. मोदी ने वर्ष 2017 में फसल लागत मूल्य पर 50 प्रतिशत लाभ देने का कानून किसान हित में बनाकर लागू किया। ठेके पर जमीन देने के लिए कानून नहीं था, हमने किसान हित में कानून बनाया है। अब किसान की एक इंच जमीन कोई कब्जा व हथिया नहीं सकता। किसानों को बिचौलियों से आजादी देने का काम मोदी सरकार कर रही है। अब किसान बिना मार्कीट फीस दिए अपनी फसल देश में जहां उसे अच्छा भाव मिले वहां बेच सकता है। धनखड़ ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में किसान कानूनों के समर्थन में ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं, इससे कांग्रेस परेशान हो गई है। 

Manisha rana