रुक गया है मोदी का विजय रथ : सुर्जेवाला

5/28/2018 10:34:37 AM

अम्बाला(सुमन/रीटा) : कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने कहा कि कांग्रेस व जद (एस) ने मिलकर नरेंद्र मोदी के विजय रथ को कर्नाटक में रोक दिया है और अब मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में विपक्षी एकजुटता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। 

पंजाब केसरी से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि अब देश के लोग जुमलेबाज नेताओं से ऊब चुके हैं। आम आदमी का भाषण से पेट नहीं भरता। उसे दो जून की रोटी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के किसान, व्यापारी, युवा, कर्मचारी व आम आदमी मोदी सरकार से तंग आ चुके हैं और 2019 के लोकसभा चुनावों में भगवा फीका पड़ जाएगा।

सुर्जेवाला ने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते 2017-18 में देश में 14,000 किसानों ने आत्महत्या की और अब भी हर रोज औसतन 35 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। राजग सरकार का किसानों को फसल की लागत पर 50 फीसदी मुनाफा देने का वायदा जुमला साबित हुआ। फसल बीमा योजना का फायदा किसानों को नहीं बल्कि बीमा कम्पनियों को हुआ है। 

देश में बढ़ती बेरोजगारी के बारे पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वायदा खोखला साबित हुआ। सरकार के 4 साल बीत जाने के बाद भी देश में 3.10 करोड़ युवा नौकरियों की तलाश में सड़कों पर भटक रहे हैं। नोटबंदी व जी.एस.टी. की वजह से व्यापार को भारी मंदी झेलनी पड़ी जिसके चलते करीब 15 लाख लोगों ने अपनी नौकरियां गंवाईं।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार नई नौकरियों के लिए कोई योजना नहीं बना पाई। पिछले एक साल में कुल 4.16 लाख नई नौकरियां सृजित हुईं। आई.टी. व टैलीकॉम सैक्टर में हजारों कर्मियों की छंटनी हुई। कई परीक्षाओं व भर्तियां के पेपर लीक होने से लायक युवाओं का भरोसा टूटा है। हरियाणा स्टाफ  सिलैक्शन कमीशन के एग्जाम माफिया के खेल से तो पूरा सिस्टम ही शर्मसार हो गया।

हरियाणा कांग्रेस गुटबाजी के बारे में पूछे एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी व राहुल गांधी के नेतृत्व में देश भर के कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट हैं और आने वाले चुनावों में भाजपा को हराने के लिए सब पूरी ताकत से काम करेंगे। पैट्रोल व डीजल के बढ़ते दाम पर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे महंगाई तो बढ़ेगी, साथ ही दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने वाले आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ेंगी। 

उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि सरकार लोगों की जेब काट कर अपना खजाना भरने में लगी है। कर्नाटक चुनाव के बाद हर रोज तेल के दाम बढ़ रहे हैं। सुर्जेवाला ने कहा, ‘‘हरियाणा सरकार ने अपना एक भी चुनावी वायदा पूरा नहीं किया। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। महिलाओं व दलितों पर ज्यादतियां बढ़ी हैं और आम जनता त्रस्त है।’’


 

Rakhi Yadav