हरियाणा में मानसून सक्रिय: इन 5 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, घर से बाहर निकलने से पहले पढ़ें ये खबर
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 08:08 AM (IST)
डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हरियाणा में मानसून की बदलती गतिविधियों को लेकर नया अपडेट जारी किया है। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिसके चलते आगामी 24 से 48 घंटों में कई इलाकों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां सिरसा जिला 38.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी हरियाणा के 5 प्रमुख जिलों जिनमें पंचकूला ,अंबाला ,यमुनानगर , कुरुक्षेत्र करनाल शामिल है, में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके विपरीत, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, दादरी और भिवानी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जिससे इन क्षेत्रों में उमस और तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा सकती है।
उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश का दौर जारी
अगले 4-5 दिनों तक राज्य के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में मानसूनी गतिविधियां मजबूत रहेंगी। पश्चिमी जिलों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ेंगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। जहां बारिश के आसार हैं, वहां किसानों को फसलों में अतिरिक्त सिंचाई रोकने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है।भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।