भाजपा रिजेक्ट माल नहीं लेती इसलिए कै. अमरिंदर सिंह को शामिल करने का सवाल ही पैदा नहीं होता: शर्मा

9/21/2021 9:19:08 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर गरम  बयान दिए हैं। मूलचंद शर्मा ने कैप्टन अमरिंदर के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि भाजपा रिजेक्ट माल और सक्रिय स्क्रैब को नहीं लेती, इसलिए कैप्टन अमरिंदर सिंह को भाजपा में शामिल करने का सवाल ही पैदा नहीं होता।

मूलचंद शर्मा ने कहा है कि भाजपा के अंदर ना तो राजाओं की जरूरत है और ना ही महाराजाओं की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बनकर पार्टी व देश के प्रति समर्पित लोगों का स्वागत करती है। मूलचंद शर्मा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को कांग्रेस के आलाकमान ने रिजेक्ट कर दिया है, इसलिए पंजाब में चुनाव से 90 दिन पहले कैप्टन के हाथ से सत्ता लेकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री का ताज पहना दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अपने संस्कार हैं और संस्कार वाले लोग हैं, बिना संस्कार के कोई भाजपा में नहीं आ सकता।

मूलचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का न ही कोई संगठन है और न ही पार्टी का स्वरूप। कांग्रेस परिवार, रजवाड़ों व बड़े लोगों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीब, आम लोग देश के 135 करोड़ लोगों की पार्टी है। पंजाब कांग्रेस के उठापठक व फेरबदल का हरियाणा में क्या असर होगा? इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंतरिक मामला है। मगर पंजाब हो या अन्य राज्य सभी जगह कांग्रेस परिवार वाद व गुटों में बिखरी पड़ी है। पंजाब में कैप्टन का हाल हुआ है वही हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस अध्यक्ष को कोई मानता है क्या? विपक्ष में रहते जो कांग्रेस 8 साल से प्रदेश के संगठन को नहीं खड़ा कर पाई। आपसी टांग-खिंचाई में व्यस्त है, वह क्या करेंगे सब जानते हैं। पहले अशोक तंवर और अब शैलजा को अध्यक्ष स्वीकार करने में एक गुट तैयार नहीं है। कांग्रेस के विधायक दल की मीटिंग नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर हुड्डा द्वारा बुलाए जाने पर शर्मा ने कहा कि मीटिंग करना ठीक है बढिय़ा बात है लेकिन कांग्रेस का हाल पूरे देश में ठीक नहीं है। कांग्रेस का अपना व्यक्तिगत मामला है।

मूलचंद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर सरकार द्वारा बनी कमेटी से किसान संगठनों का दूरी बनाना जाहिर करता है कि यह लोग किन राजनैतिक लोगों के हाथों में खेल रहे हैं। आज पंजाब के लोग हरियाणा में सभी बॉर्डर एरिया पर धरना पर बैठे हुए हैं। हरियाणा के व्यापारी, किसान, जमींदार सभी को यह नुकसान झेलना पड़ रहा है क्योंकि दिल्ली की तरफ जाने वाले रास्ते किसान आंदोलन की आड़ में बंद किए जा चुके हैं। 11 महीने से ज्यादा का समय हो चुका है। सरकार बार-बार वार्ता के लिए किसान नेताओं को बुलाती रही, लेकिन इनकी मंशा ठीक ना होने की वजह से मसला हल नहीं हो पा रहा है।

बिना बीमा की बसों लापरवाही करने वालों अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश
मूलचंद ने बताया कि बिना बीमा की बसों लापरवाही करने वालों अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी पाया गया उसको बख्शा नहीं जाएगा। पिछले 2 दिनों से हरियाणा की बसों को जो लॉस हुआ है, उसके लिए चार्जशीट करेंगे उनको सस्पेंड भी करेंगे।

Content Writer

Shivam