4 नहीं, 11 कार्यकारी अध्यक्ष भी बना ले, तब भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय: मूलचंद शर्मा

5/19/2022 5:58:56 PM

चंडीगढ़(धरणी): कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए परिवहन व खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में मंथन जनता या प्रदेश की सोच को लेकर नहीं बल्कि भगदड़ ना मच जाए इसे लेकर हो रहा है। यह चिंतन शिविर केवल संगठन यथास्थिति में रहे इसलिए लगाया गया है। आने वाले समय में एक बड़ी भगदड़ कांग्रेस में मचने वाली है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आपस में भरोसा ही नहीं है। चाहे यह 4 नहीं बल्कि 11 कार्यकारी अध्यक्ष भी बना ले, तब भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बोलते हुए शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें पहले से ही ताकत दे रखी थी। चाहे टिकट बंटवारे के वक्त देखें क्योंकि उनकी मर्जी से टिकटें बांटी गई। उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनाया गया और अब प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी उनके विश्वसनीय व्यक्ति उदय भान को देना साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी का नाम हुड्डा और हुड्डा का नाम कांग्रेस पार्टी है। लेकिन यही नीतियां इनके लिए नासूर बनकर साबित होंगी जोकि कांग्रेस पार्टी को लेकर बैठेंगी।

आम आदमी पार्टी पर शर्मा ने कहा कि पंजाब में जनता सरकार के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रही है। कुछ ही महीने में इस प्रकार की पिक्चर दिखने से यह तो साफ है कि पंजाब की जनता इनसे कितनी खुश है।

सोनीपत के खरखोदा में मारुति प्लांट लगाने के फैसले को लेकर प्रदेश के परिवहन- खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। प्रदेश के लोगों को कारोबार मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल "सबका साथ- सबका विकास- सबका विश्वास की नीति पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इस प्लांट का लगना एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश ही नहीं विदेशों की इंडस्ट्रीया हरियाणा में स्थापित होने का मुख्य कारण सुरक्षित वातावरण और भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई अच्छी नीतियां हैं। मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पॉल्यूशन फ्री की सोच रखते हुए इलेक्ट्रिक बसें लाने का निर्णय किया है। जिस पर मंथन चल रहा है। फिलहाल शुरुआत एनसीआर क्षेत्र में की जाएंगी। डिमांड के अनुसार इलेक्ट्रिक मिनी और बड़ी बसें लाने पर फैसला हुआ है।

रॉयल्टी कलेक्शन से तय करें कि कांग्रेस के दौरान किस स्तर तक होती थी अवैध माइनिंग : शर्मा

लगातार कांग्रेस पार्टी द्वारा अवैध खनन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर जवाब देते हुए मूलचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के साढे 9 साल के कार्यकाल के दौरान लगभग मात्र 1250 करोड रुपए का रेवेन्यू प्राप्त हुआ। जबकि उतनी ही रॉयल्टी होने के बावजूद हमारी साढे 7 साल की सरकार के दौरान लगभग 4800 करोड़ का रिवेन्यू कलेक्शन होना अपने आप में ईमानदारी का बड़ा प्रमाण है। हमारी सरकार के दौरान 72 फ़ीसदी रेवेन्यू कलेक्शन में बढ़ोतरी दर्ज होना एक बड़ी बात है।

शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी अवैध खनन को लेकर विभाग पूरी तरह से सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। चाहे डाड़म में हो या कहीं भी अवैध माइनिंग नहीं होगी। डाड़म घटना को लेकर 29 करोड रुपए की पेनल्टी लगाए जाना एक बड़ी कार्यवाही है और एनजीटी-हरियाणा सरकार किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरत रही। फिलहाल डाडम में कमर्शियल माइनिंग पर रोक लगाई गई है।

 

Content Writer

Vivek Rai