चुनावी साल में शराब की होगी ज्यादा खपत

4/10/2019 12:34:51 PM

जींद (जसमेर): 2019 चुनावी साल है और इस चुनावी साल में प्रदेश में देसी तथा अंग्रेजी शराब की खपत पिछले वित्तीय वर्ष से कहीं ज्यादा होगी। देसी और अंग्रेजी शराब का प्रदेश का कोटा नए वित्तीय वर्ष में 100 लाख प्रूफ लीटर बढ़ाया गया है। आबकारी विभाग ने प्रदेश में देसी और अंग्रेजी शराब का साल 2019-20 के लिए जो कोटा निर्धारित किया है, वह पिछले साल के कोटा से 100 लाख प्रूफ लीटर ज्यादा है। 2018-19 के लिए प्रदेश का देसी और अंग्रेजी शराब का कोटा 1600 लाख प्रूफ लीटर था। साल 2019-20 के लिए शराब का यह कोटा बढ़ाकर 1700 लाख प्रूफ लीटर निर्धारित किया गया है। 

प्रदेश में देसी शराब की सबसे ज्यादा खपत हिसार में, सबसे कम मेवात में
इस साल के लिए प्रदेश के आबकारी विभाग ने देसी शराब का जो कोटा जिला वाइज निर्धारित किया है, उसमें सबसे ज्यादा कोटा हिसार जिले का है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 2019-20 के लिए हिसार जिले का देसी शराब का कोटा 81.09 लाख प्रूफ लीटर का है।  पिछले साल हिसार जिले का देसी शराब का कोटा 77.23 लाख प्रूफ लीटर था। प्रदेश में देसी शराब का सबसे कम कोटा मेवात का है। मेवात का देसी शराब का कोटा 9.87 लाख प्रूफ लीटर का है। पिछले साल मेवात का देसी शराब का कोटा 9.40 लाख प्रूफ लीटर था।

अंग्रेजी शराब की सबसे ज्यादा खपत फरीदाबाद में
प्रदेश में अंग्रेजी शराब की सबसे ज्यादा खपत 2019-20 में फरीदाबाद में होगी। फरीदाबाद जिले का अंग्रेजी शराब का 2019-20 के लिए कोटा 98.08 लाख प्रूफ लीटर निर्धारित किया गया है। पिछले साल फरीदाबाद में अंग्रेजी शराब का कोटा 91 लाख प्रूफ लीटर का था। अंग्रेजी शराब की सबसे कम खपत मेवात में होगी। मेवात जिले का 2019-20 का अंग्रेजी शराब का कोटा 7.20 लाख प्रूफ लीटर निर्धारित किया गया है। 

Shivam