शोध व शिक्षण के क्षेत्र की गुणवत्ता के लिए अधिक उम्दा प्रयत्न किए जाएं : डा. नीता

8/27/2018 10:59:04 AM

कुरुक्षेत्र(धमीजा): कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की नवनियुक्त कुलसचिव डा. नीता खन्ना ने कहा कि विदेशों से एम.ओ.यू. के माध्यम से विश्वविद्यालय में शिक्षा और नई तकनीक लाने का प्रयास किया जाएगा ताकि कु.वि. के छात्र विदेशों में परचम लहराकर विश्व में शिक्षा व शोध के क्षेत्र में हरियाणा का नाम रोशन कर सकें। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को अग्रणी बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। 

खन्ना ने कहा कि आधारभूत संसाधनों की दृष्टि से कु.वि. देश के समृद्ध विश्वविद्यालयों में से एक है। वैश्विक स्तरीय शिक्षण शोध, प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लास रूम, कम्प्यूटर लैब, पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विश्वविद्यालय को आधारभूत संसाधनों की दृष्टि से उत्कृष्ट व समृद्ध बनाते हैं। शोध व शिक्षण के क्षेत्र की गुणवत्ता के लिए और अधिक उम्दा प्रयत्न किए जाएंगे। किसी भी विश्वविद्यालय में होने वाली शैक्षणिक गतिविधियां शैक्षणिक विकास यात्रा का आईना होती हैं। नैक ए-प्लस ग्रेड मिलने के बाद विश्वविद्यालय की पूरे देश में अलग पहचान बनी है।

शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल व अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अनेक नई योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। कु.वि. ने हमेशा सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए सामाजिक विकास के लिए समय-समय पर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। विश्वविद्यालय में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की तर्ज पर शिक्षित बेटी-स्वस्थ बेटी अभियान की शुरूआत कर बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। विश्वभर में भारतीय मानव संसाधन की मांग बढ़ रही है। उच्च स्तर एवं कुशल मानव संसाधन तैयार करना आज चुनौती है। इस मांग को हम तभी पूरा कर सकते हैं जब हम युवा पीढ़ी को ध्यान में रखकर अपने पाठ्यक्रम, नीतियां व कार्यक्रम तैयार करेंगे। 

 

Rakhi Yadav