वसंत पंचमी पर चाइनीज डोर का कहर, 10 से अधिक व्यक्ति और 15 पक्षी घायल

1/31/2020 12:04:42 PM

करनाल(काम्बोज): सी.एम. सिटी में चाइनीज डोर का आतंक इस कदर देखा गया कि जगह-जगह सड़कों पर चाइनीज डोर आने-जाने वाले के पांव से लेकर गर्दन तक में उलझती हुई दिखाई दी। जिस कारण 10 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए, जिनकी गर्दन, नाक व होंठ कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि 15 पक्षी घायल हो गए जो इलाज के लिए जीयो मंगलम में पहुंचे, वहीं कई बाइक सवार चाइनीज डोर में उलझकर घायल होने से बाल-बाल बचे।

घायल के यह आंकड़े कल्पना चावला मैडीकल कालेज के हैं, जबकि बहुत से लोग ऐसे भी हैं, जो घायल होने के बाद निजी अस्पताल में पहुंचे। चाइनीज डोर बेचने वालों में प्रशासन का बिल्कुल भी डर नहीं था। प्रशासन की तरफ से चाइनीज डोर पर रोक लगाने के लिए तमाम दावे किए जाते है, मगर सभी दावों की पोल खुलती हुई नजर आई।  

पक्षियों के लिए काला दिन
जीयो मंगलम संचालक साध्वी संतोष ने बताया कि चाइनीज डोर से घायल हुए 15 पक्षी यहां पहुंचे हैं। इनमें ज्यादातर कबूतर व बगुले हैं जिनके पंख व गर्दन कटी हुई है जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि चाइनीज डोर से हर वर्ष दर्जनों पक्षी घायल होते हैं। मगर प्रशासन की तरफ से कोई ठोस इंतजाम आज तक नहीं किए गए। बसंत पंचमी का त्यौहार पक्षियों के लिए काला दिन साबित हुआ। चाइनीज डोर आसमान के परिंदों के लिए मौत का सामान साबित हुआ।    

 घायल अस्पताल में उपचाराधीन
सी.एम. सिटी में एक तरफ जहां लोगों द्वारा बसंत पंचमी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया, वहीं दूसरी तरफ कई लोगों के लिए यह त्यौहार दर्द दे गया। आसमान में पतंग ही पतंग दिखाई दिए। लोगों द्वारा गाने बजा कर पतंग उड़ाई गई। छत पर पतंग उड़ाने में इतने मस्त थे कि 2 व्यक्ति छत से गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। माता गामडी में 20 वर्षीय गोलू व दूसरा 8 वर्षीय बच्चा जो पतंग उड़ा रहे थे, तभी अचानक वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए कल्पना चावला मैडीकल ले जाया गया। 

खुलेआम बिकी चाइनीज डोर
सी.एम. सिटी में चाइनीज डोर खुले आम बिकती हुई दिखाई दी। शहर में जगह-जगह स्टाल लगाकर चाइनीज डोर सरेआम बेची गई, वहीं प्रशासन द्वारा चाइनीज डोर पर रोक लगाने के खोखले दावे किए गए, जो मात्र खानापूॢत में सिमटकर रह गए। चाइनीज डोर का खमियाजा आमजन को भुगतना पड़ा, जिसमें किसी की गर्दन, तो किसी का नाक व होंठ कट गया। प्रशासन की तरफ से चाइनीज डोर पर रोक लगाने के लिए एक प्रतिशत प्रयास भी दिखाई नहीं दिया।   

कल्पना चावला मैडीकल कालेज के आपातकाल विभाग के सी.एम.ओ. डाक्टर नेपाल रावत ने बताया कि चाइनीज डोर से घायल हुए 10 से अधिक व्यक्ति इलाज के लिए यहां पहुंचे हंै, जबकि 2 युवक छत से गिर कर घायल हुए हैं। जिनका इलाज किया गया है। सभी घायल दोपहिया वाहन चालक थे। घायलों की गर्दन, नाक व होंठ कटे हुए हैं।

Edited By

vinod kumar