दुबई में धरा गया गैंगस्टर कौशल, कांग्रेसी नेता विकास चौधरी की हत्या का है मास्टरमाइंड

8/17/2019 7:45:35 PM

फरीदाबाद (पूजा): हरियाणा के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में अपना खौफ बरकरार रखने वाला कुख्यात गैंगस्टर कौशल दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। हरियाणा के बहुचर्चित कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता भी मोस्टवांटेड गैंगस्टर कौशल है। कौशल पर हरियाणा पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया। जिसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, रंगदारी सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जब उस पर पुलिस का दबाव बढ़ा तो कुछ साल पहले वह दुबई में जाकर छिप गया और वहीं से अपना गैंग ऑपरेट करने लगा।

दरअसल, 27 जून को उसने अपने गुर्गों के माध्यम से विकास चौधरी की हत्या करा दी, जिसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने कौशल को गंभीरता लिया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया। इसमें पलवल के एसपी नरेंद्र बिजारनिया सहित कई अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था।

पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी कि आरोपित दुबई में छिपा हुआ है। फरवरी में उसके खिलाफ इंटरपोल की मदद से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया था। शनिवार को उसे दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया। हरियाणा पुलिस की एक टीम गैंगस्टर को लाने के लिए दुबई पहुंच चुकी है। हरियाणा पुलिस ने कई मामलों में शामिल होने के चलते फरवरी माह में गैंगस्टर कौशल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। दरअसल, पुलिस की सूचना के अनुसार कौशल दुबई में था, तो हरियाणा पुलिस निरंतर दुबई पुलिस के संपर्क में थी।

हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता विकास चौधरी की फरीदाबाद में हुई हत्या में कौशल का नाम आने के बाद से फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर व विकास चौधरी हत्याकांड की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी के मुखिया संजय कुमार तथा गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अकील इसकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। शुक्रवार की देर रात हरियाणा पुलिस को जानकारी मिली थी कि दुबई पुलिस ने कौशल को राउंडअप कर लिया है‌।

Shivam