रोहतक में इस हालत में मिली दो बच्चों की मां, पिता ने ससुराल वालों पर लगाए ये आरोप

3/14/2023 12:40:31 PM

रोहतक (सोनू भारद्वाज) : रोहतक जिले के गांव सांघी में दो बच्चों की मां फांसी पर लटकी मिली। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पैसों के लिए बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 


4 साल से चल रहा था दहेज का केस


पिता ने आरोप लगाया कि सोमवार को उसकी छोटी बेटी के पास अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, फोन पर उसने बताया कि पूजा के घर पर सुबह से झगड़ा चल रहा था। वहीं झगड़े के चलते पूजा ने फांसी लगा ली। जिसके बाद परिवार वाले गांव सांघी पहुंचे। जगबीर ने बताया कि जब वे गांव में पहुंचे तो देखा कि पूजा फांसी पर लटकी हुई थी। उन्होंने कहा कि 4 साल से पूजा का दहेज का केस भी चल रहा था। जिसके कारण पूजा को करीब 4 साल से अपने मायके में भी रहना पड़ा था। पिता ने कहा कि उसने अपना घर व प्लाट बेचकर 30 लाख रुपए अपनी बेटी पूजा के खाते में डलवा रखे थे। ये रुपए पूजा के खाते में होने की जानकारी उसके ससुराल वालों को भी थी। इसलिए पूजा का पति चांद, सास प्रेमा व ससुर सेवा सिंह मिलकर पूजा को पैसे देने के लिए कई दिनों से तंग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पैसों के लिए पूजा की हत्या करके फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Manisha rana