फिर शर्मसार हुआ गुरुग्राम, मां-बेटी से बलात्कार कर बनाई वीडियो (Video)

6/10/2017 9:29:42 AM

गुड़गांव:मानेसर में गैंगरेप और हत्या का मामला शांत हुआ नहीं कि अब शहर के राजेंद्र पार्क थाना एरिया के अंतर्गत एक विधवा महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी आशीष कुमार (20) के रूप में हुई। 

जानकारी अनुसार विधवा महिला (35) अपनी बेटी (15) के साथ राजेंद्र पार्क थाना एरिया में रहती है। करीब 25 दिन पहले दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी आशीष कुमार यहां बाजार में किसी काम से आया था। मार्केट में ही उसकी मुलाकात महिला से हुई और जान पहचान हो गई। महिला ने पुलिस को बताया कि आशीष ने उसके घर का पता ले लिया और 2 दिन बाद घर आकर उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसका युवक ने वीडियो भी बनाया और दिल्ली चला गया। कुछ दिन बाद आरोपी ने फिर से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर युवक ने उसकी बेटी से भी संबंध बनाए।