सांसद धर्मबीर सिंह ने उपलब्ध करवाए ऑक्सीजन के 225 बड़े सिलेंडर

5/23/2021 11:17:11 PM

भिवानी (अशोक): सांसद धर्मबीर सिंह ने कोरोना पीड़ितों को सहायता प्रदान करने की अपनी मुहिम एक बार फिर से शुरू कर दी है। इस मुहिम के तहत सांसद द्वारा भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र में 45 किलोग्राम ऑक्सीजन वाले 225 सिलेंडर उपलब्ध करवाए हैं। 

सांसद द्वारा ये सभी सिलेंडर अपने गुजरात के सूरत में रहने वाले उद्योगपति मित्र प्रमोद चौधरी के सहयोग से उपलब्ध करवाए गए हैं। ये सभी सिलेंडर भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र के 10 विधानसभा क्षेत्रों में उपलब्ध रहेंगे। इनके आवंटन की जिम्मेवारी सामाजिक संस्था धर्मसेना को दी गई है। जो कि सम्बंधित जिला प्रशासन व स्वास्थ्य अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कार्य करेगी। 

उन्होंने बताया कि धर्मसेना के कार्यकर्ता जहां-जहां ऑक्सीजन की ज्यादा आवश्कता होगी वहां प्रत्येक गरीब आदमी को मुफ्त में ऑक्सीजन मुहैया करवाएंगे। ग्रामीण इलाकों में पीएचसी, सीएचसी व प्रशासन द्वारा जहां भी गांव में कलेस्टर बनाए हुए हैं वहां पर ये ऑक्सीजन उपलब्ध करवा दी जाएगी। 

ऑक्सीजन के सिलेंडर विधिवत रूप से जरूरतमंद लोगों को भेजने से पहले धर्मबीर ने कहा कि कोरोना एक वैश्विक महामारी है और इससे बचाव के लिए सभी को एकजुट होकर जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने संसदीय क्षेत्र के लोगों को कहा कि अगर किसी को भी ऑक्सीजन की दिक्कत हो तो वे धर्मसेना के पदाधिकारियों से सम्पर्क कर सकते हैं। जिनके नम्बर भी सार्वजनिक किए जा रहे हैं। ये कार्यकर्ता सभी जरूरतमंद लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवायेंगे। 

उन्होंने कहा कि सभी सिलेंडरों में 45-45 किलोग्राम ऑक्सीजन भरकर दी जा रही है। जब भी ये सिलेंडर खाली हो तो रेडक्रॉस द्वारा उन्हें पुन: भरवाकर जरूरतमंद लोगों को देना होगा। प्रशासन की जिम्मेवारी रहेगी कि वे खाली सिलेंडर को रिफलिंग स्टेशन तक एम्बुलेंस के माध्यम से पहुंचाने का कार्य करेंगे।

Content Writer

vinod kumar