मुख्यमंत्री मनोहर के आरोपों पर सांसद दीपेन्द्र हुडा ने किया पलटवार

3/31/2019 9:26:05 PM

बहादुरगढ़(प्रवीण): मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के आरोपों पर सांसद दीपेन्द्र हुडा ने पलटवार किया है। दीपेन्द्र हुडा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने झूठे आंकड़े पेश किए हैं और वो विस्तार से इसका जवाब भी देंगे। उन्होनें कहा कि पांच साल से भाजपा हमारी जांच करवा रही है, लेकिन उस जांच में कुछ भी सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास का एजेंडा नहीं है। भाजपा के पास सिर्फ भूपेन्द्र और दीपेन्द्र हुडा को कोसने का ही एजेंडा है।

दीपेन्द्र हुडा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुये कहा कि इस बार रोहतक का चुनाव हरियाणा की राजनीतिक दिशा को तय करने वाला चुनाव है। दीपेन्द्र ने कहा कि इसी वजह से भाजपा के मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक हर रोज उन्हें कोसते रहते हैं। दीपेन्द्र ने भाजपा के मंत्रियों पर चुटकी लेते हुये कहा कि उन्होंने उनकी कोई झोटी नहीं खोल रखी है। भाजपा के मंत्रियों को तब तक नींद भी नहीं आती जब तक वो दिन में दो बार उन्हे कोस न लें।

दीपेन्द्र हुडा ने कहा कि राजनीति विकास के मुद्दे पर होनी चाहिए, केवल जुमले और झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के बात लेकर लोगों के बीच जा ही नहीं सकती, क्योंकि भाजपा ने तोडऩे का काम किया है। उन्होंने कहा कि रोहतक में कांग्रेस की जीत के साथ ही हरियाणा से भाजपा की विदाई शुरू हो जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान भी दीपेन्द्र के साथ मौजूद रही।

Shivam