CM खट्टर को बदलने की चर्चाओं पर सांसद दुग्गल ने लगाया प्रश्नचिन्ह, बोलीं- विरोधी फैला रहे अफवाह

12/11/2022 9:04:44 PM

फतेहाबाद(हरियाणा): हरियाणा में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष की प्रतिक्रियाएं भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर जहां मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर हर रात सीएम बदलने की चर्चाएं होती हैं, तो वहीं सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बदलने की अटकलों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने की बात सिर्फ कोरी अफवाह है।

 

सुनीता दुग्गल ने रविवार को फतेहाबाद के आधा दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर नवनिर्वाचित सरपंचों और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांव की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और अधिकांश समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान सीएम बदलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर सांसद ने कहा कि इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की लोकप्रियता से डरकर विरोधी इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं। सांसद दुग्गल ने कहा कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।

 

सुनीता दुग्गल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने हिमाचल के चुनावी नतीज़ों पर बोलते हुए कहा कि हिमाचल में भाजपा को अच्छा वोट प्रतिशत मिला है, लेकिन फिर भी बहुमत का आंकड़ा प्राप्त न कर सकने को लेकर पार्टी स्तर पर विश्लेषण जरूर किया जाएगा। बढ़ते नशे की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नशे के मुद्दे को लेकर वे सजग हैं।  इस मुद्दे को वे पहले भी संसद और केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रख चुकी हैं। इसी का नतीजा है कि नशे की रोकथाम के लिए केंद्रीय गृह मंत्री ने हरियाणा सहित आसपास के मुख्यमंत्रियों से मिलकर नशे को खत्म करने के लिए प्रभावी कदम भी उठाए हैं और आगे भी इसी प्रकार प्रयास जारी रहेंगे।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan