सांसद गौरव गोगोई ने BJP सरकार पर साधा निशाना,'PM व मंत्रियों के आए अच्छे दिन'

6/13/2017 8:05:04 AM

चंडीगढ़ (बंसल):अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मंत्रियों के अच्छे दिन चल रहे हैं जबकि लोगों के बुरे दिन आ गए हैं। मोदी विदेशों में घूमने के बाद भी देश में निवेश नहीं ला पाए, देश की तो छोडि़ए, दिल्ली के साथ लगते हरियाणा में एक रुपए का भी निवेश नहीं आया। उक्त दावा कांग्रेस सांसद व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव गोगोई ने किया। वे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के साथ पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। गोगई ने मोदी सरकार की 3 वर्ष की विफलताएं गिनवाते हुए कहा देश की आर्थिक वृद्धि में भारी गिरावट आई है। उद्योग की जी.वी.ए. 2016 में 10.7' से गिरकर मार्च 2017 में 3.8' हो गई। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री तथा मंत्री भी विदेश घूमते हैं, लेकिन एक भी नया प्रोजैक्ट हरियाणा में नहीं आया। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापन और विभाजन के सहारे चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में 3 बड़े घोटाले हुए हैं। मध्यप्रदेश का व्यापम घोटाला, गुजरात का स्टेट पैट्रोलियम कार्पोरेशन का घोटाला और नोटबंदी के घोटाले ऐसे हैं, जिनकी जांच करवाने पर भाजपा की सच्चाई सामने आएगी।