सांसद सैनी का बड़ा बयान- बिना भाजपा छोड़े बनाऊंगा नई पार्टी (video)

7/10/2018 4:53:53 PM

जींद(सुनील मराठा): मंगलवार को जींद पहुंचे भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि जुलाई और अगस्त में वे अपनी नई पार्टी बना लेंगे, लेकिन वह खुद भारतीय जनता पार्टी में रहेंगे। यहां पर उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी मुख्यमंत्री और सरकार की बात नहीं सुनते, लेकिन उनकी बातें और उनके काम पूरे करते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुडा की जनक्रांति यात्रा को मय्यत यात्रा भी बताया।

सैनी ने कहा कि हाई कोर्ट द्वारा सरकारी नौकरियों में जातिगत आंकड़े मांगने पर खुलासा हुआ कि पिछले पांच मुख्यमंत्रियों ने नौकरी देने में काफी बड़ा भेदभाव किया है। उन्होंने जाटों का नाम लिए बगैर कहा कि 10प्रतिशत की आबादी 50प्रतिशत से ज्यादा सरकारी नौकरियां पा रही है और 90प्रतिशत जनसंख्या ने केवल 40प्रतिशत नौकरी पाई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को नहीं छोडऩे वाले हैं, अगर पार्टी उनको बाहर निकाल सकती है तो निकाल दे, क्योंकि वह 5 साल के लिए सांसद बने हैं और उनकी जिम्मेदारी बनती है कि 5 साल तक वह जनता की समस्याओं का समाधान कराएं। जब उनसे पूछा गया कि आप नई पार्टी बना रहे हैं और खुद भाजपा में रहेंगे तो अध्यक्ष कौन बनाया जाएगा और जो अध्यक्ष होगा तो क्या आप की कठपुतली नहीं होगा इस पर राजकुमार सैनी ने  कहा की कुछ ने प्रधानमंत्री को भी कठपुतली बनाया हुआ था।

सांसद राजकुमार सैनी ने कांग्रेस पर बड़ा सवाल डालते हुए कहा कि 1952 में प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू भाषण में गरीबी हटाओ बेरोजगारी भगाओ के नारे देते थे। आज राहुल गांधी भी वही नारे देते हैं जबकि हकीकत में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को जनता की समस्याओं की स्थिति का पता ही नहीं है। यहां पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह यात्रा की जनक्रांति यात्रा को मय्यत नाम भी दे दिया।

Shivam