मुंबई की संस्थाओं ने अमरीका के अप्रवासी भारतीय व्यवसायी नरेंद्र जोशी को किया सम्मानित
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 07:57 PM (IST)
कुरुक्षेत्र(विनोद खुंगर): कुरुक्षेत्र की धरती से करीब चार दशक पहले अमरीका में जाकर वहां के विभिन्न राज्यों में जेएमडी ग्रुप ऑफ कंपनी का सफल व्यवसाय स्थापित करने वाले अप्रवासी भारतीय नरेंद्र जोशी को भारतीय जनता पार्टी चित्रपट आघाडी महाराष्ट्र प्रदेश के उपाध्यक्ष डा. शिवा मुदिगेरे द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह मुंबई में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। डा. शिवा मुदिगेरे ने बताया कि नरेंद्र जोशी पिछले करीब चार दशक से अमरीका में रह रहे हैं और अपने परिश्रम एवं समर्पण से भारत का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी भारत से कोई जनप्रतिनिधि, आईएएस अधिकारी अथवा वरिष्ठ अधिकारी वाशिंगटन डीसी. जाता है, तो नरेंद्र जोशी द्वारा उन्हें घर जैसा स्नेह एवं भारतीय भोजन प्रदान किया जाता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि महाराष्ट्र के एक आईएएस अधिकारी जो उनके घनिष्ठ मित्र हैं, के अमरीका प्रवास के दौरान जोशी ने विशेष ध्यान रखा। डा. मुदिगेरे ने कहा कि यह गर्व की बात है कि विदेश में रहकर भी नरेंद्र जोशी एवं उनके बच्चे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संजोए हुए हैं।
महाराष्ट्र में आयोजित इस सम्मान समारोह में अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें कर्नाटक यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स मुंबई; नवी मुंबई होटल ओनर्स एसोसिएशन वाशी; तथा नेरुल मणिकंदन सेवा संगम सहित अन्य संस्थाएं शामिल थीं। कार्यक्रम में फिल्म जगत से जुड़े प्रसिद्ध कलाकार कमांडो वीरेंद्र सिंह, मयूर भारती, विशाल धिगरा (टीवी कलाकार) तथा देशपांडे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।