Tiger Shroff Firing Case: मुंबई पुलिस ने सोनीपत से आठवें आरोपी अंकित को किया गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं तार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 03:27 PM (IST)

सोनीपत( सुशील मोर): बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुंबई पुलिस ने सोनीपत पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई करते हुए इस हाई-प्रोफाइल मामले में आठवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान सोनीपत के बरोदा गांव निवासी अंकित के रूप में हुई है। संयुक्त कार्रवाई के तहत गोहाना पुलिस और मुंबई पुलिस ने मिलकर बरोदा गांव से अंकित को दबोचा। गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी को गोहाना कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया गया है। पुलिस अब उसे मुंबई ले जाकर मामले में आगे की पूछताछ करेगी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकित कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के राइट हैंड अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था। पुलिस का आरोप है कि अंकित इस पूरी साजिश और प्लानिंग में शामिल था। इसके अलावा, जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि अंकित और अनिल पंडित के बीच पैसों का लेन-देन भी हुआ था, जिसकी गहराई से छानबीन की जा रही है।

गौरतलब है कि इस फायरिंग मामले में बरोदा गांव का ही रहने वाला फूल सिंह पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फूल सिंह को रेहान के साथ कोटा ट्रेन से पकड़ा गया था। बहरहाल, इस मामले में लगातार हो रही नई गिरफ्तारियों से कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static