‘आप’ नहीं लड़ेगी हरियाणा में नगर निगम चुनाव : केजरीवाल

11/26/2018 12:01:16 PM

जींद(ब्यूरो): आम आदमी पार्टी हरियाणा में नगर निगम चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़ेगी। हुडा सैक्टरों में एन्हांसमैंट एक बहुत बड़ा घोटाला है, जिसमें प्लाट धारकों और किसानों दोनों को खट्टर सरकार द्वारा अब लूटा जा रहा है। उससे पहले रही हुड्डा और चौटाला सरकारों में भी यह खेल चलता था। अब एन्हांसमैंट घोटाले में संदेह में खुद हरियाणा के वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल आ रहे हैं, जो खुद को ईमानदार बताते हैं। यह बात दिल्ली के सी.एम. अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जींद में हुडा सैक्टर्स स्टेट कान्फैडरेशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रैली में मंच और बाद में मीडिया से बात करते हुए कही। रैली में केजरीवाल मुख्यातिथि थे। 

उन्होंने कहा कि एन्हांसमैंट खट्टर सरकार द्वारा जबरन वसूली है। इसे एक्सटोर्शन बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि अकेले हिसार में 118 करोड़ रुपए का घोटाला एन्हांसमैंट में उजागर हुआ है। कोर्ट ने इसे घोटाला माना है। केजरीवाल ने कहा कि हिसार में 118 करोड़ के इस घोटाले को अंजाम देने के लिए 44 फर्जी बैंक खाते खोले गए। इन बैंक खातों में मोबाइल नंबर एक ही है। साफ है कि यह फर्जी बैंक खाते किसी दलाल या बड़े नेता के हैं। सी.एम. मनोहर लाल के सामने पूरा मामला कई बार रखे जाने और एन्हांसमैंट की दोबारा कैलकुलेशन की मांग उठाए जाने के बावजूद अब तक दोबारा कैलकुलेशन नहीं हुई है।

केजरीवाल ने सी.एम. मनोहर लाल और उनकी सरकार को एन्हांसमैंट की दोबारा कैलकुलेशन के लिए एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि एक महीने में दोबारा कैलकुलेशन नहीं हुई तो वह खुद प्लाट धारकों के साथ एन्हांसमैंट के नोटिसों की होली जलाएंगे। फिर खट्टर सरकार उन पर जो मर्जी कार्रवाई करे। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और एन्हांसमैंट जड़ से समाप्त कर दी जाएगी। दोबारा कैलकुलेशन के लिए उन्होंने किसानों, प्लाट धारकों और सरकार के प्रतिनिधियों की संयुक्त कमेटी बनाए जाने की मांग की। अगर एन्हांसमैंट घोटाले की जांच खट्टर सरकार ने नहीं करवाई तो वह खुद हरियाणा में धरने और प्रदर्शन में शामिल होंगे।  
 

Rakhi Yadav