फतेहाबाद में देर रात प्रशासन ने चलाया ''कचरा उठान अभियान'', सफाई कर्मचारियों ने किया विरोध, पुलिस ने लिया हिरासत में

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 09:53 AM (IST)

फतेहाबाद (रमेश भट्ट) : फतेहाबाद शहर में कई दिनों से लगे कचरे के ढेर को उठाने के लिए रविवार देर रात एक बजे प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया। नगर परिषद की टीम ने भूना रोड से कचरा उठाने की शुरुआत की। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने अभियान का विरोध करते हुए नारेबाजी की और बुलडोजर पर चढ़ गए।पुलिस ने विरोध कर रहे कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतपाल रोज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में फतेहाबाद के डीएमसी प्रवीण कुमार और डीएसपी संजय बिश्नोई भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 200 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। पुलिस बल की मौजूदगी में नगर परिषद की गाड़ियों को कचरा उठाने के लिए भेजा गया। भूना रोड से कचरा उठाने के बाद टीम ने शहर के अन्य हिस्सों की ओर रुख किया। पुलिस की लाठी से बचने के लिए सफाई कर्मी  राष्ट्रगान गाते नजर आए, लेकिन पुलिस ने राष्ट्रगान के बीच में ही  हिरासत में ले लिया।
 
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पिछले कई दिनों से शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। डोर-टू-डोर कचरा उठान व्यवस्था भी प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मुख्य बाजारों और सड़कों के किनारे कचरा जमा होने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ था। डीएसपी संजय बिश्नोई ने बताया कि विरोध कर रहे कर्मचारियों को अलग-अलग थानों में ले जाया गया है।

प्रशासन की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए कचरा उठान अभियान चलाया गया। वहीं, सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। प्रशासन ने अभियान के दौरान कचरा उठान का काम जारी रखा। पुलिस की लाठी से बचने के लिए कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के बीच की कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारी नारेबाजी करके अपना रोष जाहिर करते हुए नजर आए।

फतेहाबाद के डीएमसी प्रवीण कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार के आदेश पर आज पूरे शहर की सफाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं और प्राइवेट लोगों की मदद ली जा रही है। आने वाले दिनों में शहर में सफाई व्यवस्था में कोई डील नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की है कि वह हड़ताल का रास्ता छोड़कर अपने काम पर वापस लौटे। सरकार द्वारा उनकी जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static