सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने के लिए नगर पार्षद गंभीर, हाऊस की बैठक में उठाए जाएंगे मुद्दे

12/9/2019 11:26:00 AM

हिसार (संदीप) : शहर में सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने के लिए नगर पार्षद गम्भीर हो गए हैं। पार्षद शहर में नए सरकारी स्कूलों के निर्माण करवाने का व मौजूदा स्कूलों की हालत सुधारने का मुद्दा हाऊस की बैठक में उठाएंगे। वार्ड-12,6,9,10 व 11 के पार्षदों ने अपने एजैंडों में सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने का कार्य शामिल किया। शहर की स्थिति यह है कि वार्ड-12 में एक भी सरकारी स्कूल नहीं है।

इसी तरह वार्ड-9 में एक प्राइमरी स्कूल में 2-2 प्राइमरी स्कूल चलाए जा रहे हैं। वहीं वार्ड-6 में स्थित गवर्नमैंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल जहाज पुल के एरिया में सड़कों का व गलियों का निर्माण नहीं किया गया। जहाज पुल स्कूल की ओर जाने वाली सड़क बेहद ही खस्ताहाल में है। इसके अलावा वार्ड-18 व 19 में भी सरकारी स्कूल नहीं है। इन दोनों वार्ड के विद्यार्थी शहर से बाहर गंगवा गांव के सरकारी स्कूल में पढऩे जाते हैं।

वार्ड-10 के भी यही हाल हैं। वार्ड-10 में सिर्फ 5वीं कक्षा तक का ही सरकारी स्कूल है। लोगों ने बताया कि सरकारी स्कूल न होने के कारण मजबूरी में प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चे पढ़ाने पड़ रहे हैं। नगर पार्षदों ने फैसला लिया है कि अबकी बार हाऊस की बैठक में शिक्षा व युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। निगम अधिकारियों ने बताया कि हाऊस की बैठक का सोमवार को दिन निर्धारित किया जाएगा।

Isha