तावडू में नपा चैयरमेन भाजपा के मनीता गर्ग, बसपा के कर्म सिंह बने उपाध्यक्ष

6/13/2018 10:22:16 PM

नूंह मेवात(एके बघेल): नूंह जिले की तावड़ू नगर पालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बुधवार को कई दिनों से चली आ रही उठा-पटक के बाद चुन लिए गए। वार्ड नं 10 से मनीता गर्ग को अध्यक्ष व वार्ड नं 14 से पार्षद कर्म सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया, बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया तीन बजे शुरू हुई ,सभी पार्षदों को कड़ी सुरक्षा देते हुए नगर पालिका भवन में प्रवेश कराया गया।

चुनाव प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी पार्षदों को उपमंडल अधिकारी ने पद की शपथ दिलाई। शपथ लेते ही उपमंडल अधिकारी ने अध्यक्ष पद के लिए अनुमोदन किया, जिससे सभी पार्षदों ने एक स्वर में वार्ड नं 10 से पार्षद मनीता गर्ग के नाम पर सहमति जता दी। इसी बीच वार्ड नं 1 से पार्षद ज्योति सैनी ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया और कार्यालय से बाहर आ गई।

उपमंडल अधिकारी ने उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव का अनुमोदन किया, जिसमें वार्ड नं 7 से राजेश पार्षद व वार्ड नं 14 से कर्मसिंह सामने आए, जिसके लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से चुनाव प्रक्रिया हुई। जिसमें सबसे पहले विधायक तेजपाल तंवर ने अपना मत डाला ओर चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने से पहले ही चलते बने ,उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव में वार्ड नं 14 से बसपा समर्थित पार्षद कर्म सिंह 10 मत लेकर विजय हो गए।

वहीं भाजपा समर्थित वार्ड नं 7 से पार्षद राजेश कुमार को 5 मत मिले। चुनाव परिणाम आते ही विजयी पार्षदों के समर्थकों ने जश्न मनाया। इस चुनाव में बसपा समर्थित पार्षदों का मुख्य रोल रहा। जिनके समर्थन से ही  मनीता गर्ग को अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने में कामयाब रही। खास बात तो यह रही कि तावड़ू नगर पालिका में बसपा को पहली बार उपाध्यक्ष बनाने में कामयाब हुई ,जिससे बसपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उपाध्यक्ष बनने के बाद सभी बसपा कार्यकर्ताओं ने बसपा नेता चौधरी जावेद अहमद के निवास पर लड्डू बांटकर खुशी व्यक्त की। 

बसपा नेता चौधरी जावेद अहमद ने कहा कि ये सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जीत है, उन्होंने खासकर प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती व प्रदेश प्रभारी नेतराम का आभार जताया। वहीं चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और सभी महिला पार्षदों को थानाप्रभारी ने कड़ी सुरक्षा में उनके निवास स्थान पर छोड़ा।

Shivam