निकाय चुनाव : उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज, 3 नगर निगमों सहित 7 निकायों में हो रही मतगणना

12/30/2020 8:35:11 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा के 3 नगर निगमों सहित 7 निकायों में हुए चुनाव में उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 30 दिसम्बर यानि आज हो जाएगा। आज बुधवार सुबह 8 बजे से मतगणना का काम शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक पूरा हो जाएगा। मतगणना को लेकर राज्य चुनाव आयोग की ओर से खास तैयारी की गई है। सभी जिला उपायुक्तों को मतगणना में पारदर्शिता बनाने के आदेश दिए गए हैं। वहीं 3 नगर निगमों में महापौर की जीत को लेकर राजनीतिक दलों की भी निगाहें लगी हुई हैं। खासकर सत्तारूढ़ दल भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार के लिए यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है, वहीं कांग्रेस भी सभी निगमों में जीत का दावा ठोंक रही है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने भी निकाय चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। 

किसान आंदोलन के बीच हुए निकाय चुनाव पर राजनीतिक दलों की नजरें लगी हुई हैं। यह चुनाव किसान आंदोलन में किसानों की नाराजगी का भी फैसला करेगा। हालांकि नगर निगमों में एक तिहाई से कम हिस्सा ही ग्रामीण क्षेत्रों का है लेकिन यदि इन निगमों में सत्तारूढ़ दल को कम वोट नहीं मिलता है तो इसे आंदोलन की वजह माना जाएगा। तीन निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगरपालिकाओं में भी राजनीतिक दलों की ओर से जीत को लेकर तमाम तरह से दावे किए जा रहे हैं।

पंचकूला : पंचकूला नगर निगम में पहली बार प्रत्यक्ष चुनाव हुआ है, जहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। कांग्रेस दोबारा मेयर की सीट हथियाने की कोशिश में है तो भाजपा पहली बार शहर की सरकार में कमल खिलाने की इच्छुक है। इस सीट पर केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद रतनलाल कटारिया और भाजपा के विधायक एवं विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता तथा कांग्रेस से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा व पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन की प्रतिष्ठा दांव पर है।

अम्बाला शहर : पहली बार प्रत्यक्ष चुनाव के जरिए महिला मेयर बनाने का ख्वाब देखने वाली भाजपा यहां त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी हुई है। इस सीट पर भाजपा की टक्कर पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की जनचेतना पार्टी और पूर्व मंत्री निर्मल सिंह के हरियाणा डैमोक्रेटिक फ्रंट के उम्मीदवार से है। यहां केंद्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया के अलावा भाजपा के विधायक असीम गोयल की प्रतिष्ठा भी दांव पर है।

सोनीपत : नवगठित सोनीपत नगर निगम में पहली बार प्रत्यक्ष तौर से चुनाव हुआ है। यहां भी भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इस सीट पर भाजपा के सांसद रमेश कौशिक और पूर्व मंत्री कविता जैन के अलावा कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक सुरेंद्र पंवार की प्रतिष्ठा दांव पर है। 
 

Manisha rana