अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे नगर निगम कर्मचारी, एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा

2/21/2023 8:52:21 PM

हिसार : नगर निगम कर्मचारी मंगलवार को भी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार धरने पर बैठे रहे। दरअसल, नगर निगम की पशु पकड़ने वाली टीम के कर्मचारी पर कुछ दिन पहले हमला हो गया था। हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारियों ने धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। निगम कर्मचारी पुलिस अधीक्षक से भी मिले। पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि निगम कर्मचारियों के धरने पर बैठने से कार्यालय का काम भी प्रभावित हुआ। 

बता दें कि 15 जनवरी को नगर निगम की पशु पकड़ने वाली टीम महावीर कॉलोनी में पशुओं को पकड़ रही थी। इस दौरान एक पशुपालक ने टीम के साथ गाली गलौच किया और उन्हें धमकी भी दी। शाम 5 बजे अवकाश के बाद जब पशु पकड़ने वाली टीम का कर्मचारी कृष्ण अपने घर लौट रहा था तो रास्ते में पशुपालक मोनिया गुर्जर और अन्य ने मिलकर कृष्ण पर हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वो घायल हो गया। निगम कर्मचारियों ने घायल कर्मचारी को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया था। इस मामले में घायल कर्मचारी व निगम प्रशासन की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई थी। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस भी दर्ज किया था। हालांकि अभीतक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan