नगर पालिका कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन जारी, मांगें नहीं मानी गई तो दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

3/28/2023 1:01:39 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : हरियाणा  के नगर पालिका एवं फायर ब्रिगेड कर्मचारियों का नौ दिवसीय अनशन एवं धरना प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी जारी है। कर्मचारियों ने नगर परिषदों व नगर पालिकाओं के कार्यालयों के बाहर अपना कार्यक्रम जारी रखते हुए आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है।

यमुनानगर नगर निगम के बाहर बैठे कर्मचारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और मांगे तुरंत लागू किए जाने की मांग की। नगर पालिका कर्मचारी संघ के मुख्य सलाहकार राजकुमार एवं नगरपालिका के जिला अध्यक्ष परेश प्राचा ने कहा कि पिछले वर्ष 11 दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के बाद हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। जिसमें कई मांगों पर सहमति बनी थी लेकिन उन्हें आज तक लागू नहीं किया। जिसके चलते कर्मचारियों में रोष है।

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि इस नौ दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद अगर मांगों को लागू नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं  कर्मचारी नेताओं ने कहा कि फिलहाल कर्मचारियों द्वारा किसी भी आपात स्थिति में कार्य के लिए कर्मचारी तैयार रहेंगे। फिलहाल कर्मचारी अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail