Jhajjar में दिनदहाड़े मर्डर...खेत से लौट रहे बुजुर्ग किसान को गोलियों से भूना, पूरे इलाके में दहशत

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 08:36 PM (IST)

झज्जर (दिनेश मेहरा): झज्जर जिले के गांव दुजाना में रविवार को एक बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय विजय पुत्र रतन सिंह के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई जब विजय अपने खेत से साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। 

जानकारी के अनुसार विजय बिजली विभाग से सेवानिवृत्त था और रिटायरमेंट के बाद खेती-बाड़ी का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि परिवार का लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। मृतक के छोटे बेटे अनिल की भी करीब पांच वर्ष पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस हत्या के पीछे भी जमीनी विवाद को कारण बताया गया था। आरोप है कि बिरधाना गांव निवासी संजय के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अनिल की हत्या के मामले में भी संजय का नाम सामने आया था। 

PunjabKesari

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले संजय जमानत पर जेल से बाहर आया था। कुछ महीने पहले होली के दिन शाम को संजय ने अपनी पत्नी की हत्या की थी जिसके बाद वह फरार चल रहा था l मृतक का बड़ा बेटा सुनील वर्तमान में पुलिस सुरक्षा में है। घटना के समय सुनील अपने सुरक्षा कर्मी के साथ खेत में मौजूद था,जबकि विजय अकेले साइकिल पर घर लौट रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। मामले में एसीपी क्राइम शमशेर दहिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण जमीनी विवाद सामने आ रहा है। 

उन्होंने कहा कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 8 टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएग। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static