लाठी-डंडों से पीटकर अधेड़ की हत्या, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज

5/4/2022 1:37:46 PM

झज्जर(प्रवीण धनखड़): झज्जर के गांव दूबलधन में संजय नामक युवक की अज्ञात लोगों ने लाठी व डंडे मार कर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब संजय अपने खेत में बने मकान की छत पर सो रहा था। पुलिस ने मृतक संजय के भाई शमशेर की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक संजय के भाई शमशेर ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसका भाई संजय खेती बाड़ी का काम करता है और बीती रात को वह खेतों में बने अपने मकान की छत पर सो रहा था। सुबह जब जाकर देखा गया तो मकान के पिछले हिस्से में उसका लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।

 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सरकारी अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि जिस जगह पर संजय सो रहा था उस जगह पर भी खून के निशान मिले हैं और शरीर के कई हिस्सों पर लाठी और डंडों के निशान हैं। जिससे लगता है कि उसकी लाठी और डंडों से पीटकर हत्या की गई है। इसके अलावा मृतक की बाइक व मोबाइल फोन भी मौके से गायब हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही आरंभ कर दी है।


 

Content Writer

Isha