ब्लाइंड मर्डर से उठा पर्दा, दंपति गिरफ्तार

10/7/2017 12:49:05 PM

रेवाड़ी (माेहिंदर भारती): महिला की हत्या करने के बाद शव बोरी में बंद कर उसे खुर्द-बुर्द करने के ब्लाइंड मर्डर से पुलिस ने पर्दा उठाते हुए शुक्रवार शाम दंपति को गिरफ्तार किया। जानकारी अनुसार 15 अगस्त को सुबह 10 बजे कोसली के गांव झाल के नजदीक से गुजर रही नहर के अंदर एक बोरी में महिला का शव मिला था। पुलिस ने पंप हाऊस पर कार्यरत रोहतक जिले के गांव रिठोल निवासी बेलदार आनंद सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ  हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। डी.एस.पी. कोसली अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब हुई। आरोपियों की पहचान मूल निवासी गांव गाजी गोपालपुर हाल राधा स्वामी कालोनी साल्हावास निवासी पृथ्वी सिंह व उसकी पत्नी लक्ष्मी के रूप में हुई है।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
आरोपियों ने बताया कि मृतका राजबाला उर्फ बॉबी सिरसा जिले की रहने वाली थी। करीब 7-8 माह से उसका पृथ्वी सिंह से संपर्क था और आना-जाना था। बाद में वह पृथ्वी के घर में ही रहने लगी थी। जिस कारण राजबाला व पृथ्वी के अवैध संबंधों के बारे में उसकी पत्नी लक्ष्मी को पता चल गया था। लक्ष्मी ने राजबाला को किसी और से शादी करने तथा घर से जाने के लिए कहा था लेकिन वह उसके घर से जाने को तैयार नहीं हुई। इसी कारण 12 अगस्त की रात को पृथ्वी व उसकी पत्नी ने चुन्नी से राजबाला का गला दबाकर हत्या कर दी और 13 अगस्त की रात शव बोरी में बंद कर साल्हावास ढाणी पुल पर नहर में डाल दिया था।