पहले युवक की पीट-पीटकर कर दी हत्या, फिर अस्पताल में छोड़कर फरार हुए आरोपी

4/15/2024 10:44:04 AM

बहादुरगढ़: हरियाणा में गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है। मामला बहादुरगढ़ शहर से सामने आया है, जहां एक युवक की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं बल्कि आरोपी उसे गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां से फरार हो गए।

डॉक्टर ने जब चेक किया तो युवक मृत मिला। सूचना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। देर रात परिजन भी युवक को ढूंढते हुए अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के बयान पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। सोमवार को दोपहर के समय मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम होगा।

अस्पताल में छोड़कर भाग गए

करण बहादुरगढ़ की कबीर बस्ती निवासी में मजदूरी करता था। रविवार की शाम उसे नागरिक अस्पताल में लाया गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ युवक उसे अस्पताल में छोड़ने के बाद वहां से खिसक गए थे। अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचित किया गया। सिटी थाने से पुलिस अस्पताल में पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। दूसरी तरफ सूचना मिलने पर देर रात मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और पुलिस को अपने बयान दिए।

इन लोगों पर लगाया आरोप

मृतक करण के भाई आयुष ने अनिल, सोनू, मोनू, राजू निवासी दुर्गा कॉलोनी, नवीन, रितिक निवासी नई बस्ती और सुधीर पर उसकी जान लेने का आरोप लगाया है। मृतक करण के भाई आयुष ने बताया कि वो नागरिक अस्पताल के पीछे परचून की दुकान चलाने वाले अनिल के पास पहुंचा। वहां पर लोगों से पूछा तो पता चला कि अनिल और अन्य 6 युवकों ने मिलकर करण की लाठी डंडों से पिटाई की है। जिससे उसकी जान चली गई और बाद में यही लोग करण को अस्पताल में छोड़कर भाग गए। आयुष ने बताया कि करण की कमर, पांव व शरीर के अन्य कई अंगों पर चोट के निशान है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

Content Editor

Nitish Jamwal