हत्या या हादसा? नहर में मिला युवती का शव, हाथ पर बना है ‘ॐ’ का निशान, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 03:58 PM (IST)
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर से एक अज्ञात महिला का नग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुडिया पुल के पास नहर में नग्न अवस्था में एक महिला का शव बहता हुआ दिखाई दिया। शव को पानी में बहता देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।
पुलिस जांच अधिकारी के अनुसार, महिला की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव पूरी तरह नग्न अवस्था में था, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। महिला की एक बाजू पर 'ॐ' का निशान बना हुआ है, जबकि दोनों बाजुओं में कड़े और उंगलियों में अंगूठियां भी मिली हैं। इन्हीं पहचान चिन्हों के आधार पर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
मामले की जांच कर रहे बुडिया थाना के जांच अधिकारी जगदीप मोर ने बताया कि एक ग्रामीण ने सूचना दी थी कि दादूपुर की तरफ से नहर में एक शव बहता हुआ आ रहा है। सूचना मिलते ही गोताखोर अमर सिंह को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद बुडिया पुल के पास गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।
जांच अधिकारी ने बताया कि महिला का शव आज या कल का ही प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए रखा जाएगा। वहीं पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है ताकि महिला की पहचान हो सके। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की मौत कैसे हुई और वह नहर तक कैसे पहुंची, इसे लेकर भी जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)