खट्टर सरकार पर चौटाला का तंज- ''मैं जेल न जाता तो भाजपा की सरकार न बन पाती''

10/28/2017 6:09:59 PM

पानीपत(ब्यूरो): पैरोल पैरोल पर आए इनेलो सुप्रीमो अोम प्रकाश चौटाला ने कहा कि मेरी छोटी गलती के कारण हरियाणा में भाजपा सत्ता में आ गई। कांग्रेस ने सोचा था कि मुझे जेल भेजने के बाद इनेलो खत्म हो जाएगी लेकिन इनेलो के कार्यकताओं की बदौलत पार्टी का जनाधार खत्म होने के बजाए बढ़ा है। इनेलो सत्ता में आई तो कार्यकर्ताओं की सात पीढ़ियों को जुगाड़ करा दूंगा। चौटाला यहां कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी छोटी से गलती के कारण ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। 

चौटाला ने कहा कि मैं दो दिन और जेल नहीं जाता तो इनेलो की सरकार बन जाती। माननीय अदालत का सम्मान करते हुए बीच में ही पार्टी का प्रचार छोड़ जेल जाना उचित समझा। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को कहा कि वह व्यक्ति विशेष का नारा न लगाकर पार्टी की आवाज बुलंद करें। आने वाला समय इनेलो का होगा। लोग इनेलो की सरकार को याद करने लगे हैं। इस सरकार में हर वर्ग दुखी है। ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी मौजूदा सरकार से नहीं डरते हैं। वह तो भविष्य की आने वाली सरकार से डरते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता से आह्वान किया कि धोखेबाज से बचना होगा। लोकतंत्र में लाठी के बल पर किसी को सता से बाहर नहीं किया जा सकता।