14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया नफे सिंह राठी का बेटा, परिजनों ने बताया षड्यंत्र

1/21/2023 8:23:36 PM

बहादुरगढ़(प्रवीण) : इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के बेटे को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने जितेंद्र राठी  2 दिन के लिए रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल की थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। वहीं राठी के परिजनों ने आज कोर्ट में उसकी जमानत के लिए भी याचिका लगाई है, जिस पर 23 जनवरी को सुनवाई होगी।

 

फर्जी कागजात के आधार पर बिजली मीटर लगवाने के मामले में हुई गिरफ्तारी

 

डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि जितेंद्र राठी ने डीआईजी कालोनी में स्थित एक विवादित जमीन पर फर्जी कागजात जमा कर बिजली मीटर लगवाया था। बीजेपी नेता कर्मवीर राठी ने 8 अक्टूबर 2022 को इस मामले में शिकायत की थी। मामले की जांच करने पर नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी का नाम सामने आया। कॉल डिटेल खंगालने के बाद जितेंद्र राठी के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। 

 

नफे सिंह राठी पर दबाव बनाने के लिए बेटे को गिरफ्तार करने का आरोप

 

नफे सिंह राठी के बेटे और बहादुरगढ़ के वार्ड 9 से पार्षद जितेंद्र राठी की गिरफ्तारी को लेकर परिजन पुलिस पर सवाल उठा चुके हैं। दरअसल पूर्व मंत्री मांगेराम के बेटे जगदीश नंबरदार के आत्महत्या मामले में पुलिस ने इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर रखा है। आरोप यह भी है कि नफे सिंह राठी तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाए। ऐसे में नफे सिंह राठी पर गिरफ्तारी का दबाव बनाने के लिए उनके बेटे जितेंद्र राठी को एक दूसरे केस में गिरफ्तार किया गया है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan