अभय के दुष्यंत को बच्चा कहने पर नैना ने बताई 'बच्चे की डेफिनेशन'

1/6/2019 11:50:56 PM

टोहाना (सुशील): डबवाली से विधायिका नैना ने चौटाला इनेलो नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला द्वारा सांसद दुष्यंत चौटाला को बच्चा कहने पर पलटवार किया है। देवर अभय चौटाला द्वारा जजपा को बच्चों की पार्टी बताने पर उन्होंने कहा कि 30 साल का अगर युवा बच्चा है तो उन्हें बच्चे की डेफिनेशन बताई जाए, क्योंकि जब बच्चे को वोट डालने का अधिकार मिल जाता है तो वह बच्चा नहीं युवा बन जाता है। नैना चौटाला गांव कन्हेडी में आयोजित हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रममें लोगों को संबोधित  कर रही थी।



यहां उन्होंने कहा कि जींद उपचुनाव में हर वर्ग उनका साथ दे दे तो वे इनेलो ही नहीं भाजपा व कांग्रेस की चोटी में से भी पसीना निकाल देंगे। उन्होंन  कहा कि भाजपा सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा दिया था लेकिन आज के समय में सबसे ज्यादा असुरक्षित व बेईज्जत महिलाए महसूस कर रही है। इस दौरान नैना चौटाला ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2019 में सरकार बनने के बाद वे महिलाओं की वकील बनकर उनके काम करवाएंगी।



मंत्री अनिल विज और मनु भाकर के बीच चल रहे विवाद पर बोलते हुए कहा कि जब घोषणा करने के बाद भी सरकार द्वारा दो करोड़ रूपये नही दिए जा रहे है ये तो जुमला ही हुआ। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा भद्दा मजाक तो कोई हो नहीं सकता, क्योंकि जब बेटी देश के लिए खेलकर गोल्ड मेडल लाती है, तो उसे घोषित राशि दी जानी चाहिए। नैना चौटाला ने कहा कि यह भाजपा सरकार पूर्ण रूप से फेल है क्योंकि महिलाओं के मामले में यह सरकार गंभीर नहीं है। 

Shivam