पहली नवरात्रि पर भाजपा के 50 और कांग्रेस के 40 प्रत्याशियों के नाम आ सकते हैं सामने

9/23/2019 10:34:42 PM

हरियाणा के दो बड़े राजनीतिक दल प्रत्याशियों की प्रथम सूची जारी करने के लिए प्रथम नवरात्र का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जहां भाजपा 50 प्रत्याशियों की पहली सूची 29 सितंबर को जारी कर सकती है, वहीं कांग्रेस भी ठीक इसी दिन 40 से अधिक प्रत्याशियों की सूची जारी करने की तैयारी में है। सात दिनों में दोनों पार्टियां प्रत्याशियों को अंतिम रूप दे देंगी।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा की पहली सूची में उत्तर, पश्चिम और दक्षिण हरियाणा की काफी सीटों को शामिल किया गया है। पार्टी के संकल्प पत्र को भी 23 सितंबर तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद सीएम मनोहर लाल और पार्टी नेता डॉ. अनिल जैन जांचेंगे। चूंकि श्राद्ध 28 को खत्म हो रहे हैं, इसलिए दोनों दल अच्छे दिनों के इंतजार में हैं। हालांकि आप ने रविवार को 22 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।

कांग्रेस ने अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 सितंबर कर दी
कांग्रेस से लडऩे के लिए प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों के लिए अब तक करीब 1150 आवेदन आए हैं। चंडीगढ़ मुख्यायल में 550, नई दिल्ली में 600 आवेदन आए हैं। आवेदन जमा कराने की आखिरी तारीख 23 से बढ़ाकर 25 कर दी गई है। सोहना सीट पर अब तक ढाई दर्जन से अधिक लोगों ने आवेदन किया है।

कांग्रेस का जोर जीटी बेल्ट पर अधिक
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस जीटी बेल्ट की करीब 25 विधानसभा सीटों पर फोकस किए हुए है। ये वही सीट हैं जिन पर पहले कांग्रेस का कब्जा होता था। 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने यह सीटें कांग्रेस से छीन ली थी। इन सीटों पर भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट को ध्यान में रखते हुए रणनीति बन रही है। इसके लिए कांग्रेस की भाजपा पर नजर बनी हुई है और उसी के अनुसार अपने उम्मीदवारों के नाम फाइनल करेगी।

Shivam