राष्ट्रव्यापी हड़ताल में देशभर से करीबन 20 करोड़ मजदूर व कर्मचारी होंगे शामिल

12/26/2018 2:26:53 PM

पलवल(गुरूदत्ता गर्ग): सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले बिजली विभाग के सैंकड़ों कर्मचारियों ने 8 और 9 जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने फैसला लिया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को बड़ी हड़ताल करने की चेतावनी दी है। कर्मचारी नेताओं का दावा है कि इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में देशभर से करीबन बीस करोड़ मजदूर और कर्मचारी भाग लेंगे।



बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। हड़ताली कर्मचारियों ने अपनी मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रथा को बंद करने, समान काम समान वेतन सहित पंजाब के समान वेतनमान जैसे कई अहम मुद्दों को शामिल किया है। 



उनका कहना है कि चार साल पूरा होने पर सरकार ने इन तमाम मांगों को अभी तक लागू नहीं किया है। जिसके कारण कर्मचारियों को काफी नुक्सान हो रहा है। साथ ही उनकी पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने जैसी कई मांगों को लेकर भी भाजपा सरकार से नाराज है।

Rakhi Yadav